May 21, 2026
010

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 9 सितम्बर 2022। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में सत्ता के दो केंद्र है और दोनो केंद्रों द्वारा अपनी अपनी ताकत श्रीडूंगरगढ़ में अधिकारियों की नियुक्ति के माध्यम से दिखा रहे हैं। इस बार कांग्रेस के पूर्व विधायक मंगलाराम गोदारा ने अपना दम दिखाते हुए श्रीडूंगरगढ़ पंचायत समिति में बीडीओ पद पर विशेष आदेशो के माध्यम से सरकार में अपनी पैठ को दिखा दिया है। श्रीडूंगरगढ़ बीडीओ पद पर पिछले करीब 1.5 साल से नियुक्त रामचंद्र जाट को गोदारा गुट का माना जाता है और कुछ दिन पहले ही सरकार द्वारा उन्हें एपीओ का भोमसिंह इंदा को श्रीडूंगरगढ़ बीडीओ लगाया गया था। ऐसे में सरकार में अपनी हिस्सेदारी दिखाते हुए गोदारा द्वारा पुनः विशेष आदेश करवाये गए हैं और आदेश में भोमसिंह इंदा को एपीओ करते हुए रामचंद्र जाट को पुनः श्रीडूंगरगढ़ बीडीओ लगाया गया है। ग्रामीण विकास एंव पंचायती राज विभाग के उपायुक्त एंव उप शासन सचिव द्वारा निकाले गए इस आदेश में त्वरित प्रभाव से कार्यमुक्त होकर अविलंब अपनी उपस्थिति आदेशानुसार देने को कहा गया है। उस इसके अभाव में राज्यादेश की अवहेलना माने जाने की चेतावनी भी दी गई है। विदित रहे कि क्षेत्र में राजनीतिक दांव पेंच का अखाड़ा पंचायत समिति बनी हुई है और यहां पूर्व विधायक मंगलाराम गोदारा की अगुवाई में कांग्रेस का प्रधान बनने के बाद से सीपीएम विधायक महिया और पूर्व विधायक गोदारा के बीच वर्चस्व की जंग देखने को मिल रही है। दोनो द्वारा ही पंचायत समिति बीडीओ पद पर अपनी अपनी अनुशंसा से अधिकारी का पदस्थापित करवाने की जोर आजमाइश लगातार की जा रही है। लेकिन पंचायत समिति बीडीओ पद की इस जोर आजमाइश में गोदारा का पलड़ा भारी दिख रहा है।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। राज्य सरकार के विशेष आदेशो में दिखी पूर्व विधायक गोदारा की ताकत।