






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 9 सितम्बर 2022। गत 7 जुलाई को श्रीडूंगरगढ़ के कालूबास से बोलेरो कैम्पर चोरी होने के मामले में पुलिस ने क्षेत्र के नामी चोर राकेश ब्राह्मण को गिरफ्तार किया है। मामले के अनुसंधान अधिकारी एएसआई पूर्णमल ने बताया कि मेड़तासिटी के जसनगर निवासी भंवरलाल जांगिड़ इन दिनों श्रीडूंगरगढ़ के कालूबास में किराए के मकान में रहता है। गत 6 जुलाई की रात को उसके घर के आगे खड़ी बोलेरो कैम्पर गाड़ी चोरी कर ली गई। जिसका मामला 7 जुलाई को दर्ज किया गया था। मामले की जांच के दौरान श्रीडूंगरगढ़ के गुसाईसर बड़ा निवासी राकेश ब्राह्मण की लोकेशन भी इसी क्षेत्र में होना सामने आया था। तभी से उसकी तलाश की जा रही थी। राकेश पर चोरी के कई दर्जन मामले चल रहे हैं। राकेश ने बीकानेर में भी वाहन चुराए थे और बीकानेर कोटगेट पुलिस द्वारा उसे गिरफ्तार कर लिया गया था। वहां पर पूछताछ के बाद उसे जेल भेज दिया गया और आज श्रीडूंगरगढ़ पुलिस ने आरोपी को प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार कर श्रीडूंगरगढ़ थाने लाया गया है। आरोपी से क्षेत्र के अन्य वाहन चोरी के मामले भी खुलने की उम्मीद है।




