






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 7 अक्टूबर 2022। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के किसानों के लिए थोड़ी खुशी थोड़ा गम वाली स्थिति बन रही है। क्योंकि श्रीडूंगरगढ़ के 220 केवीजीएसएस पर लगे हुए 20/25 केवीए के सुपर ट्रांसफार्मर को विभाग द्वारा बदल कर 40/50 केवीए का ट्रांसफार्मर लगाया जा रहा है। यह पावर ट्रांसफार्मर लगने के बाद श्रीडूंगरगढ़ 220 से जुड़े समस्त 33केवी जीएसएस पर ट्रिपिंग, वोल्टेज की कमी आदि समस्याओं से आगामी कई सालों तक मुक्ति मिल जाएगी। यह तो किसानों के लिए खुशी की उम्मीद है लेकिन इस ट्रांसफार्मर को लगाने के लिए क्षेत्र के 33केवी के 21 जीएसएस से जुड़े हजारो कृषि कुंओ पर आगामी 9 दिनों के लिए हर एक घंटे का शट डाउन लिया जाएगा। ऐसे में किसानों के सामने कड़ी धूप से जलने की कगार पर खड़ी मूंगफली की फसल को पांच घंटे सप्लाई के सहारे बचाने की जद्दोजहद भारी पड़ेगी।
यहां यहां होगी एक घंटे सप्लाई की कटौती।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। विद्युत विभाग के सहायक अभियंता मुकेश मालू ने बताया कि नया ट्रांसफार्मर लगाने के दौरान 8 सितम्बर से 16 सितम्बर तक 220 श्रीडूंगरगढ़ से निकलने वाले 33केवीए के फीडर सातलेरा, जैतासर, तोलियासर, ठुकरियासर प्रथम, ठुकरियासर द्वितीय, सालासर, अभयसिंहपूरा, जैसलसर, बिंझासर प्रथम, बिंझासर द्वितीय, मानकरासर, समंदसर, लखासर, जोधासर, बेनिसर, गुसाईसर बड़ा, लौड़ेरा, हेमासर, पुन्दलसर, दुसारना प्रथम, दुसारणा द्वितीय पर शाट डाउन रहेगा। इस कारण इन सभी जीएसएस से निकल कर कृषि कुंओ तक जाने वाले 11केवीए फीडर पर छः घंटे के बजाय पांच घंटे ही सप्लाई हो पाएगी।
सीएम दौरे के दौरान किसानों की नाराजगी, अधिकारी कर रहे हैं बारिश होने की अरदास।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का आगामी कुछ दिनों में श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र का दौरा होना प्रस्तावित है। सीएम गुसांईसर बड़ा आएंगे और वहां भी कटौती होने वाली है। ऐसे में जलती मूंगफली देख किसानो का आक्रोश भी सीएम के सामने आने की संभावना है। वही दूसरी ओर मोसम विभाग द्वारा आगे तीन दिन बारिश का पूर्वानुमान जारी किया गया है। सीएम दौरे ओर बिजली कटौती दोनो एक साथ होने के अंदेशे के चलते विद्युत विभाग के अधिकारी भी अब बारिश होने की अरदास कर रहे हैं। बारिश हो जाती है तो जलती मूंगफली को कम बिजली में भी राहत मिल जाएगी। हालांकि अब अगर बारिश होती है तो बारानी किसानो को ओर नुकसान होने का अनुमान है।



