May 21, 2026
00100

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 21 नवंबर 2022। पंचायती राज विभाग मंत्री रमेश मीणा ने आज जिला कलेक्टर सभागार में पंचायती राज अधिकारियों की क्लास ली। इसमें जिले की सभी 9 पंचायत समितियों के व जिला परिषद के सभी अधिकारियों ने भाग लिया। इस बैठक में श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के लिए दिए गए निर्देश व कार्यों के बारे में मंत्री मीणा ने जिला परिषद सीओ नित्या के को अनेक निर्देश दिए। इस दौरान विधायक गिरधारीलाल महिया व प्रधान प्रतिनिधि केसराराम गोदारा, पंचायत समिति विकास अधिकारी रामचंद्र जाट उपस्थित रहें।
सैरूणा में बन रही सड़कों के लिए जांच दल का गठन।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। इस बैठक में भाग लेने पंचायती राज विभाग के अधीक्षण अभियंता श्रीरामनिवास जयपुर से आए। अधिकारी सैरूणा रूके व यहां सीसी ब्लॉक सड़क के चल रहें तीन कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने तीनों से सामग्री ली व बीकानेर पीडब्ल्यूडी लैब में ले गए व स्वयं जांच की। सामग्री की गुणवत्ता मापदंड के अनुसार नहीं पाई गई। इस जानकारी पर मंत्री रमेश मीणा ने संबंधित अधिकारी को फटकारते हुए जिला परिषद सीओ को विशेष जांच कमेटी बनाकर जांच करवाने के निर्देश दिए। वहीं सैरूणा में ग्राम विकास अधिकारी द्ववारा नरेगा के कोई कार्य नहीं चलने के मस्टरोल जमा करवा दिए गए। इस पर भी मंत्रीजी ने नाराजगी जताते हुए यहां 10 कार्य चलने की जानकारी दी व मस्टरोल की जांच करने के निर्देश दिए।
जोधासर ग्राम विकास अधिकारी पर कार्रवाई के निर्देश।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। मंत्री ने कहा कि सरकार की मंशा आमजन को योजनाओं का पूरा लाभ देने की है ऐसे में बरती गई लापरवाही सहन नहीं की जाएगी। अधीक्षण अभियंता श्रीरामनिवास आज जोधासर ग्राम पंचायत भवन पर रूके और यहां ताले लगे होने से खासे नाराज हुए। इस जानकारी मंत्री मीणा ने नाराजगी जताते हुए ग्राम विकास अधिकारी पर सख्त कार्रवाई के निर्देश सीओ को दिए।
होंगे श्रीडूंगरगढ़ के कार्यों का रिव्यू, मिलेंगे ग्राम पंचायतों को काम।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। बैठक में विधायक गिरधारीलाल महिया ने भाग लिया व क्षेत्र में नरेगा में व्यक्तिगत कार्य जैसे कृषि कुंड बनाने के कार्यों की स्वीकृतियां बढ़ाने की मांग की। विधायक ने जलग्रहण विभाग द्वारा किए जाने वाले कार्यों की पूरी जानकारी जनप्रतिनिधि को दिए जाने की मांग की। महिया ने कहा कि जलग्रहण विभाग योजनाओं की पूरी जानकारी आमजन के सामने रखें। मंत्री रमेश मीणा ने जिला परिषद सीओ को निर्देश दिए कि श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में स्वीकृत कार्यों का रिव्यू करें व जिन पंचायतों में काम कम स्वीकृत हुए है उनमें काम स्वीकृत करवाएं जाएं। उन्होंने व्यक्तिगत लाभार्थियों के कार्य अधिक सेंशन करने व उनमें बीपीएल व एससीएसटी के कार्यों को प्रमुखता देने के निर्देश दिए। मंत्री ने जलग्रहण विभाग के अधिकारियों को कहा जो भी प्लान बनाए जाएं वे पंचायत समितियों व जिला परिषद में डिस्कस किए जाएं।
प्रधान प्रतिनिधि गोदारा ने लिया भाग, कहा ये..
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। प्रधान प्रतिनिधि केसराराम गोदारा ने भी बैठक में भाग लिया व नरेगा सहित सभी कार्यों में गुणवत्ता पर ध्यान दिए जाने की मांग की। गोदारा ने कहा कि जिला परिषद कार्यों की स्वीकृति में तत्परता दिखाएं व विकास में पंचायत समितियों का सहयोग करें। इस पर मंत्री मीणा ने जिला परिषद सीओ को कार्यों की गुणवत्ता पर ध्यान देने के निर्देश दिए।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। मंत्री ने ली बीकानेर जिला कलेक्टर सभागार में पंचायती राज विभाग की क्लास।