May 20, 2026
sri

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 24 दिसंबर 2022। कस्बे के मुख्य बाजार में एक माह पूर्व ट्रक की टक्कर से टूटा पोल आज भी टेढा ही खड़ा है और इससे करंट दौड़ते बिजली के तार जमीन पर पड़े है। इस कारण स्टेशन रोड पर काला अंधेरा छाया रहता है और सैंकड़ो गाड़ियों व नागरिकों की आवाजाही के बीच ये बड़ी समस्या मुंह बाए खड़ी है। इस पोल के पास बड़ौदा बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, अनेक बड़े व्यापारिक प्रतिष्ठान व नागरिकों के घर स्थित है। इन खुले पड़े तारों से नागरिक किसी दुर्घटना के प्रति आंशकित भी है। यहीं निवास करने वाले हरीश डागा ने बताया कि एक माह से नगरपालिका व बिजली विभाग को अनेक बार शिकायत कर दी है। पालिका ये कार्य बिजली विभाग का तथा बिजली विभाग ये कार्य नगरपालिका का होने की बात कह कर पल्ला झाड़ रहें है। पास ही के दुकानदार अशोक सिंधी ने कहा कि सर्दियों की रात में मुख्य बाजार में अंधेरा होने से चोरी जैसी वारदातों का भय भी रहता है और खुले तार किसी हादसे को भी आमंत्रित कर रहें है। हालांकि कई बार शिकायत के बाद टूटे पोल से आगे की बिजली सुचारू 2 दिन पहले कर दी गई है परंतु शेष लाइन अभी भी गहरे अंधेरे में डूबी रहती है। व्यापारी राजकुमार सैन, कमल बुच्चा, प्रकाश नाई, पवन शर्मा ने कड़ी नाराजगी जताते हुए कोई हादसा होने पर पालिका व बिजली विभाग ही दोषी होने की बात कह रहें है। नागरिक प्रशासन से शीघ्र सुनवाई करने की मांग करते हुए इस समस्या से पीछा छुड़वाने की बात कह रहें है।