






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 24 मार्च 2023। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में गुरुवार देर रात पुलिस और एक हिस्ट्रीशीटर के बीच मुठभेड़ हो गई और मुठभेड़ में जवाबी कार्यवाही में पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर को गोली मार दी। श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स को मिली जानकारी के अनुसार बीकानेर में एक जानलेवा हमले में वांछित 7 हजार का ईनामी बदमाश हिस्ट्रीशीटर दीपेंद्र उर्फ दीपू को बीकानेर पुलिस के विशेष दल ने गुरुवार को झुंझुनूं जिले के बग्गड़ थानाक्षेत्र के गांव काली पहाड़ी से गिरफ्तार किया था। आरोपी को गिरफ्तार कर बीकानेर पुलिस का विशेष दल बीकानेर लौट रहा था। रास्ते मे करीब 12 बजे बाद शेरुणा से करीब 2 किलोमीटर बीकानेर की ओर लघुशंका के लिए सड़क पर ही रुके थे। इसी दौरान आरोपी ने कोतवाली थानाधिकारी संजय सिंह की पिस्टल छीन ली और संजयसिंह व कांस्टेबल दीपक यादव पर फायर कर दिया। पुलिस पर पहला फायर कर आरोपी भागने लगा और पुलिस पर दूसरा फायर करता उससे पहले ही टीम में शामिल नयाशहर थानाधिकारी वेदपाल शिवराण ने जवाबी फायरिंग में गोली चलाई। यह गोली आरोपी के पैर को छूते हुए निकली और आरोपी घायल हो गया। जिसे दबोच कर पीबीएम ले जाया गया। देर रात को आईजी ओमप्रकाश पासवान, जिला एसपी तेजस्विनी गौतम भी पीबीएम पहुंचे और पुलिस टीम को अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस रखने के निर्देशो की पालना करने पर शाबाशी दी।
श्रीडूंगरगढ़ थानाधिकारी रहे शिवराण, हिस्ट्रीशीटर पर है 15 मुकदमें।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 24 मार्च 2023। बीकानेर की विशेष पुलिस टीम पर गोली चलाने के मामले में त्वरित जवाबी कार्रवाई करने वाले नयाशहर थानाधिकारी वेदपाल शिवराण गत दिनों श्रीडूंगरगढ़ में थानाधिकारी की जिम्मेदारी निभा चुके है। वहीं दूसरी और हिस्ट्रीशीटर दीपेंद्र उर्फ दीपू पर विभिन्न थानों में 15 से अधिक मामले दर्ज है। फरारी काट रहे इस आरोपी पर पुलिस द्वारा 7 हजार का इनाम भी घोषित किया जा चुका था और गुरुवार को आरोपी को धर दबोचने में बीकानेर पुलिस की टीम को सफलता मिली। वेदपाल शिवराण द्वारा किये गए इस एनकाउंटर की चर्चा क्षेत्र में जोरों पर है।





