






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 27 मार्च 2023। इन दिनों कृषि में नए प्रयोगों को स्थान देने वाले और गंभीर बीमारियों के चलते जैविक खेती के क्षेत्र में अनेक रोजगार व उपलब्धियां क्षेत्र के किसान हासिल कर रहें है। अनेक युवा कृषि को मुख्य व्यवसाय के रूप में अपना रहें है और ऐसे प्रेरक उदाहरण हमारे आस पास से भी सामने आने लगे है। हमारे क्षेत्र से चार प्रगतिशील किसान इस नई राह के प्रधान बने है और ये आज बीकानेर में आयोजित समारोह में मंत्रियों के हाथों सम्मानित हुए है। स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय बीकानेर में 27 से 29 मार्च तक किसान मेला का आयोजन किया जा रहा है। आज पहले दिन उद्घाटन व सम्मान समारोह में कृषि मंत्री लालचंद कटारिया, राजस्थान स्टेट एग्रो डवलपमेंट बोर्ड के अध्यख रामेश्वरलाल डूडी, राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष रफीक खान, आपदा प्रबंधन मंत्री गोविंदराम मेघवाल, ऊर्जा मंत्री भंवरसिंह भाटी, स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति अरूण कुमार श्रीकर्ण नरेन्द्र कृषि विश्वविद्यालय, जोबनेर के कुलपति बलराज सिंह सहित कृषि विभाग के अधिकारी उपस्थित रहें। आप भी पढ़े पूरी खबर व देखें सभी फोटो और बधाई देवें नई राह के इन प्रधानों को।
जैविक कृषक बने श्रवण भामू, बना रहें है जैविक पेस्टीसाइड, कटारिया सहित मंत्रियों ने दिया सम्मान।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। जिला स्तरीय उत्कृष्ट कृषक केटेगरी में जैविक खेती करने व इसे बढ़ावा देने के लिए श्रीडूंगरगढ़ के निकट सालासर रोही के किसान श्रवणकुमार भामू को 25 हजार नगदी व सम्मान पत्र सौंपा गया है। भामू अपने खेत में जैविक खेती कर रहें है और जैविक खाद की यूनिट लगाई है। ये गोबर, गोमूत्र, नीम, निबोली सहित जैविक सामग्री से जीवामृत व पंचामृत प्रयोग करने के साथ ही बना भी रहें है। कृषि अधिकारी सोमेश तंवर ने बताया कि जीवामृत व पंचामृत जैविक पेस्टीसाइड है जो फसल, भूमि, पर्यावरण व स्वास्थ्य के हित में कार्य करती है। भामू ने टाइम्स को बताया कि पेस्टीसाइड के बुरे प्रभाव आम जनजीवन पर नजर आने लगे है और ऐसे में जैविक कृषि मानव जीवन को स्वस्थ रखने का एकमात्र उपक्रम बनती जा रही है। भामू के साथ पूर्व डायरेक्टर चिकित्सा विभाग डॉ महावीर प्रसाद बुढानियां, मोमासर से महावीर शर्मा और परमेश्वर शर्मा, चुरू से एडवोकेट चरणसिंह, सुभाष कटेवा, बजरंग भामू, मुकेश छाबा उपस्थित रहें। सभी ने भामू को बधाई व शुभकामनाएं दी।

कृषि में नवाचार अपनाने के लिए सम्मानित हुए सांवरमल, उत्कृष्ट उद्यानिकी के लिए अरजनसिंह हुए सम्मानित।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। आड़सर के किसान सावंरमल पुत्र केहरसिंह को कृषि में नवाचार अपनाने के लिए समारोह में सम्मानित किया गया। सांवरमल ने अपने खेत में डिग्गी, ड्रिप, मिनी स्प्रीकंलर, सीड ट्रीटमेंट प्लांट सहित अनेक नवाचार अपना कर खेती कर रहें है। वहीं बापेऊ के किसान अर्जनसिंह पुत्र चैनसिंह को उत्कृष्ट उद्यानिकी के लिए सम्मानित किया गया है। अर्जनसिंह को ये पुरस्कार अपने खेत में अनार, नींबू, बैर के साथ सब्जियों की खेती करने के लिए दिया गया है। विभाग के सोमेश तंवर ने बताया कि उद्यानिकी की खेती के लिए श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में बड़ी संभावनाएं है और किसान इससे जुड़कर दोहरा लाभ कमा सकते है। दोनों किसानों को 10-10 हजार रूपए व सम्मान पत्र मिले है। सांवरमल को कुलपति अरूण कुमार व कुलपति बलराज सिंह ने सम्मानित किया।

संभाग स्तर पर श्रेष्ठ फल उत्पादन के लिए नानूराम को किया सम्मानित।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। किसान मेले में आज पहले दिन किसानों के लिए अनेक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। जिसमें बीकानेर, गंगानगर, हनुमानगढ़, चुरू सहित नागौर व जैसलमेर के किसान अपनी फसलें, फल, सब्जियां लेकर आए व प्रदर्शनी लगाई। इसमें श्रेष्ठ फल प्रतियोगिता में गांव राजेडू में नानूराम पुत्र पूर्णाराम जाट ने अनार उत्पादन के लिए प्रथम स्थान प्राप्त किया। इन्हें सम्मान पत्र दिया गया।





