






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 3 अप्रेल 2023। दुनिया को अहिंसा, सत्य, अपरिग्रह, अस्तेय और ब्रह्मचर्य का पंचशील सिद्धांत देने वाले महावीर स्वामी की 2622 जन्म जयंती का उत्साह आज जैन समाज में छाया हुआ है। जैन समाज के परिवार सुबह ही सेवाकेन्द्र पहुंचे व कस्बे के मुख्य मार्गों से प्रभात फेरी निकाल कर अहिंसा का संदेश दिया। सभा अध्यक्ष विजयराज सेठिया की अगुवाई में प्रभात फेरी में समाज के नागरिकों सहित बड़ी संख्या में अनेक स्कूलों के बच्चे शामिल रहें। बच्चों ने महावीर स्वामी की जय के जयकारे लगाए। फेरी मालू भवन पहुंची तो धर्मसभा में परिवर्तित हो गई। धर्मसभा को संबोधित करते हुए सेवा केन्द्र व्यवस्थापिका डाक्टर सम्पूर्णयशा ने महावीर के जन्म को शाश्वत प्रकाश का सूर्योदय बताते हुए उनके पंचशील सिद्धांतों के अंश को भी जीवन में धारण कर इस दिन को सार्थक बनाने का आह्वान किया। साध्वी ने भगवान महावीर के जीवन व शिक्षाओं के बारे में बताया। सभा का प्रारंभ साध्वी महकप्रभा ने मंगलाचरण से किया। महिला मंडल ने सामूहिक व अंजु पारख ने गीतिकाएं प्रस्तुत की। मंडल उपाध्यक्ष मधु झाबक, पारुल लुनिया, सभा उपाध्यक्ष प्रमोद बोथरा, सभा मंत्री पवन सेठिया, युवक परिषद अध्यक्ष प्रदीप पुगलिया ने महावीर स्वामी के जीवन से प्ररेणा लेने की बात कही। साध्वियों ने सामुहिक गीतिका प्रस्तुत की व ज्ञानशाला से युवराज चौपड़ा सहित किशोरों ने सामुहिक नाटिका सहित गीतिका में चवदह स्वप्न को दर्शाया। कार्यक्रम का संचालन कन्या मंडल की एडवोकेट महिमा दूगड़ ने किया। सभा अध्यक्ष विजयराज सेठिया ने पूरे समाज को महावीर जन्म जंयती की शुभकामनाएं देते हुए सभी का आभार जताया। https://fb.watch/jG8KFEQ2Yp/







