May 20, 2026
008

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 4 अप्रेल 2023। बीकानेर के गाढ़वाला गांव में सोमवार देर रात दो सगे भाईयों की बिजली गिरने से मौत हो गई। दोनों यहां बजरंग धोरा के पास रहने वाले मजदूर थे और खेत में गेहूं की फसल काटने के लिए रुके हुए थे। बिजली गिरने के साथ ही दोनों भाई झुलस गए, दोनों को पीबीएम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। दोनों के शव अब मोर्चरी में रखे गए हैं, जहां मंगलवार सुबह पोस्टमार्टम किया जाएगा। जानकारी के अनुसार रामेश्वरलाल भांभू के खेत में गेहूं की फसल काटने के लिए मजदूर आए हुए थे। इन मजदूरों के लिए खेत के पास ही रहने का जुगाड़ किया हुआ था। मजदूर दिन में फसल काटते और रात को यहीं सोते थे। ये मजदूर बीकानेर शहर के पास ही बजरंग धोरा एरिया से आए थे। सोमवार रात करीब आठ बजे के आसपास मौसम पलटा और बारिश शुरू हो गई। कुछ ही देर में बिजली गिरी। ये बिजली खेत में रहने वाले मजदूरों पर ही गिरी, दोनों सगे भाई इसकी चपेट में आ गए। इनमें एक तेजाराम और दूसरा आसाराम था। तेजाराम की उम्र करीब बीस साल है जबकि आशाराम की उम्र महज 18 साल बताई जा रही है। यहीं पर कुछ बकरियां भी बांधी हुई थी। बिजली की चपेट में तीन चार बकरियां भी आई, जिनकी मौके पर ही मौत हो गई।