May 20, 2026
WhatsApp Image 2023-10-08 at 10.09.20 PM

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 8 अक्टूबर 2023। माहेश्वरी भवन आड़सर बास में शनिवार रात भारतीय संविधान और राम राज्य पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी में मुख्य वक्ता सुप्रीम कोर्ट में सबसे अधिक जनहित याचिकाएं दायर करने वाले वरिष्ठ अधिवक्ता अश्विनी उपाध्याय ने संविधान की खामियों के बारे में चर्चा करते हुए देश में सुरक्षा व न्याय की स्थापना के लिए मजबूत कानून व्यवस्था होने की बात कही। उन्होंने एक देश एक कानून, एक देश एक चुनाव, एक देश एक शिक्षा व्यवस्था, एक व्यक्ति का बैंक में एक खाता संबंधी अनेक विषयों पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने कहा कि आजादी के साथ सम्प्रभुता भी चाहिए और संविधान व कानून भी अंग्रेजो वाले नहीं बल्कि भारतीय होने चाहिए। उन्होंने कहा कि मुफ्त की योजनाओं में जो धन का जो दुरूपयोग सरकारें करती है उनके प्रति जागरूक होकर टैक्स पेयर्स को सवाल पूछना प्रारंभ कर देना चाहिए जिससे सरकारों को होश आए और वे नागरिकों को कर्जे में डूबो देने के बजाय वास्तव में विकास को महत्व दे सकें। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा नेता ताराचंद सारस्वत ने की और सारस्वत ने उपाध्याय का आभार जताते हुए संगोष्ठी के आयोजक हिंदू स्वाभिमान मंच का आभार जताया। संगोष्ठी में प्रश्नोत्तर कालांश भी रखा गया। भाजपा नेता लकेश चौधरी ने अश्विनी द्वारा लगाई गई जनहित याचिकाओं की सफलताओं के बारे में प्रश्न पूछा। इस पर जवाब देते हुए उन्होंने बताया कि गत 9 वर्षों में 1600 बेकार के कानूनों को खत्म कर दिया गया है व निरंतर इस पर सुप्रीम कोर्ट व संसद के रास्ते से कार्य करवाने के प्रयास जारी है। उन्होंने कहा कि वे जनता को जागरूक करने का कार्य भी इसी उद्देश्य से कर रहें है ताकि लोगों में देश, सनातन, संविधान व सिस्टम के प्रति जागृति आ सकें और वे सभी सवाल कर सकें। समारोह में अश्विनी उपाध्याय के प्रशंसक जोधपुर व बीकानेर से भाग लेने पहुंचे और उनका स्वागत सम्मान किया। मंच की ओर से भी उनका शॉल व साफा पहना कर स्वागत किया गया तथा स्मृति चिह्न देकर सम्मान किया गया। संगोष्ठी में श्रीडूंगरगढ़ से बड़ी संख्या में युवाओं व नागरिकों ने पूरी रोचकता से भाग लिया। रात 10 बजे तक चली इस संगोष्ठी का संचालन विशाल स्वामी ने किया। नागरिकों ने उत्साह के साथ मुख्य वक्ता के साथ सेल्फी व फोटो लिए। आप सभी पाठकगण अश्विनी उपाध्याय की संगोष्ठी का प्रसारण श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स के फेसबुक पेज पर देख सकते है वहीं आप उनकी विशेष वार्ता भी यूट्यूब व फेसबुक पर इंटरव्यू देख सकते है।