May 21, 2026
26jan

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 6 मई 2022। अक्षय तृतीया को विवाह के बंधन में बंधे जोड़े के हाथों की मेंहदी का सुर्ख रंग अभी हल्का भी नहीं पड़ा कि काल के क्रूर प्रहार से नवविवाहिता की मांग का सिंदूर उजड़ गया। ये दर्दनाक हादसा क्षेत्र के गांव राजेडु में हुआ है तथा जो कोई सुन रहा है उसकी आंखें नम हो रही है। जिस घर में विवाह के पश्चात गुरुवार को बहन बेटियों को विदाई दी गयी आज उस घर का कुल दीपक बुझ गया है और परिवार में मंगल गीतों के स्थान पर शोक संतप्त कोहराम सा मच गया है वहीं पूरे गांव में मातम छाया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव के भंवरलाल जाट का 28 वर्षीय पुत्र बाबूलाल खेत में बनी कुंड में बूस्टर लगा रहा था और करंट के झटके से वह कुंड में गिर गया। परिजन उसे अस्पताल लेकर दौड़े तथा श्रीडूंगरगढ़ अस्पताल में चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही प्रधान प्रतिनिधि केसराराम गोदारा अस्पताल पहुंच गए है और बेहाल परिजनों को सांत्वना देते हुए शीघ्र कार्रवाई करवा रहें है। शव का पोस्टमार्टम किया जा रहा है और जैसे जैसे परिजनों को खबर हो रही है वे अस्पताल की ओर दौड़ रहें है।