






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 26 मई 2024। रविवार को भीषण गर्मी का कहर क्षेत्र में नजर आया। बाजार में ही नहीं पूरे कस्बे की गलियों, ग्रामीण अंचल में गर्मी का लॉक डाउन नजर आया। आज दोपहर तापमान का पारा 48 डिग्री को पार कर गया। दोपहर को मुख्य बाजार की घास मंडी रोड की ओर एक मोटरसाइकिल सवार अचानक गश खाकर गिर गया। गनीमत रही उसे चोटें नहीं आई और एक युवक ने उसे संभाला तो सवार ने अचानक चक्कर आ जाना बताया। वहीं ग्राम पंचायत मोमासर द्वारा गर्मी से ग्रामीणों को राहत दिलवाने के लिए अनेक कदम उठाए गए है। उपसरपंच जुगराज संचेती ने बताया कि गर्मी से राहत के लिए मुख्य बाजार के मुख्य चौराहों पर पानी का छिड़काव किया गया। पशुओ के लिए बनी खेलें भरी गई व पक्षियों के लिए भी दाने-पानी की व्यवस्था की गई है। टेंकर से पीपल के वृक्षों में पानी डलवाया गया है। जिन घरों में पानी की किल्लत है उन घरों तक पानी पहुंचाने की व्यवस्था की गई। संचेती ने बताया कि आगामी 15 दिन तक ये व्यवस्था जारी रहेगी जिससे ग्रामीणों को राहत मिल सकें। संचेती ने पंचायत में बच्चों व बुजुर्गों को लू से बचने की अपील करते हुए ग्रामीणों से दोपहर 12 से 4 बजे तक घर में ही रहने का आह्वान किया है।








