


श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 2 सितंबर 2026। क्षेत्र में अपराध का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है और ये पुलिस के लिए भी चुनौतीपूर्ण बन रहा है। क्षेत्र में एक व्यक्ति को घर के बाहर से उठाने व 20 लाख की फिरौती मांगने का मामला सामने आया है।
थानाधिकारी कश्यपसिंह राघव ने बताया कि गांव हेमासर निवासी 55 वर्षीय राजेंद्र प्रसाद पुत्र अन्नाराम ब्राह्मण ने मामला दर्ज करवाया है। परिवादी ने पुलिस को बताया कि 1 सितंबर 2026 को वह अपने घर के बाहर दुकान पर बैठा था। तभी यहां इसी गांव के निवासी पवन पुत्र रमेश तावणियां, पंकज पुत्र संतोष मोट सहित तीन चार अन्य जने विकटोरीश गाड़ी में आए और पिस्टल दिखाकर उसे जबरदस्ती उठा कर ले गए। आरोपियों ने परिवादी के घर वालों से 20 लाख रूपए की फिरौती मांगी और नहीं देने पर उसे जाने से मारने की धमकी दी। परिवादी के बेटे कन्हैयालाल ने 12 लाख रूपए आशीष बोहरा को देकर इन लोगों तक पहुंचाए तो आरोपियों ने उसी रात 11 बजे परिवादी को गाड़ी से उसके घर के बाहर फेंक दिया। उसके घर की गेट को एक बिना नबंर की पिकअप से तोड़ दिया। परिवादी के चिल्लाने पर आरोपी उसके गले से सोने की चेन, दो सोने की अंगूठियां छीन कर ले गए। पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच एएसआई देवाराम को सौंप दी है।





