






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 12 जून 2025। पूर्व विधायक किशनाराम नाई के निधन के बाद उनका लाडला दोहिता अभिनव पड़िहार लंदन से अपने परिजनों से मिलने पहुंचा। वह श्रीडूंगरगढ़ आया व अपने सभी भाईबहनों के साथ खूब हिलमिल कर रहा। उसने कहा वह अब यहीं रहेगा अपने देश में, अपनो के बीच, ताकि दु:ख दर्द में सब एक जगह हो सकें। उनके मामा, मौसी के भाईयों ने उनके निर्णय का स्वागत किया। हंसी खुशी अभिनव ने पांच दिन पहले ही अहमदाबाद में अपना ग्रेनवेल्स ट्रेडिंग के व्यवसाय के लिए ऑफिस खोला और फाइनली यहीं रहने का मन बना लिया। दो दिन पूर्व अपने करीबी व मौसी के लड़के जितेंद्र मारू से मिलने वे राजकोट पहुंचे। जितेंद्र ने उन्हें लंदन नहीं जाने व भाभी श्वेता व बेटे विहान को यहीं बुला लेने की बात कही। इस पर अभिनव ने हां भी कर ली। पर उसने सोचा वह स्वयं ही जाकर पत्नी श्वेता व बेटे विहान को लेकर अपने घर, अपने देश हमेशा के लिए लौट आए। ऐसे में ये सफर जानलेवा साबित हुआ और अभिनव की अपनो के बीच ही बस जाने की ख्वाईश अधूरी ही रह गई। अहमदाबाद प्लेन हादसे में नाई की पुत्री शारदा बाई का बेटा अभिनव पड़िहार पुत्र शिव पड़िहार निवासी बीकानेर, हाल निवासी अहमदाबाद सभी 242 यात्रियों के साथ अपनी जान गवां चुका है। इस सूचना के साथ ही उनके ननिहाल के परिवार में माहौल गमगीन हो गया है। परिजनों में हर कोई अभिनव की ही बात कर रहा है और सभी एक दूसरे को दिलासा दे रहें है। घटना के बाद बीकानेर व श्रीडूंगरगढ़ में उनके परिवारों में माहौल गमगीन हो गया है। उनके भाई आशीष जाड़िवाल, सुरेंद्र मारू, नितिन नाई सहित विभिन्न परिजनों ने घटना पर शोक जताया है।






