






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 10 जनवरी 2025। कई अरमानों से माता पिता अपनी पुत्री का विवाह कर उसके सुख की कामना करते है। लेकिन दहेज नामक दानव आज भी समाज में बदस्तूर कायम है। ये अनेक घर परिवार बसने से पहले ही उजाड़ देने को आतुर है। जिससे टूटते परिवार समाज चिंतकों के लिए परेशानी बने हुए है। श्रीडूंगरगढ़ थाने में कालूबास निवासी 25 वर्षीय खुशबू पुत्री दिलीप सोनी ने ससुराल वालों के खिलाफ दहेज के लिए उसे दो बार मारने के प्रयास करने के आरोप लगाते हुए मामला दर्ज करवाया है। पीड़िता ने बताया कि उसका विवाह 3 मई 2023 को लाडनू निवासी व हैदराबाद, तेलगांना के पेदाम्बर पेठ इलाके में रहने वाले पति हिमांशु सोनी के साथ हुआ। उसने पति सहित ससुर रमेश सोनी, सास कांतादेवी, देवर नीरज व मुकुल, ननद दिव्या के खिलाफ आरोप लगाए है। परिवादिया ने पुलिस को बताया कि उसके पिता ने अपनी हैसियत से बढ़कर गहने, नगदी, कपड़े इत्यादि सामान विवाह में दिए थे। परंतु आरोपियों ने कार व पांच लाख नगदी नहीं देकर समाज में बेईज्जती करवा देने का ओलमा देते हुए उसे तंग परेशान करने लगे। आरोपियों ने 14 नवबंर 2023 व फरवरी 2024 में उसे जान से मारने का प्रयास किया। उसके पिता व रिश्ता करवाने वाले मौसा सहित अन्य जनों ने पंच पंचायती कर घर बसाने का प्रयास किया परंतु आरोपी अपनी मांग पर अड़े रहें। परिवादिया ने अपना स्त्रीधन व पढ़ाई के दस्तावेज, उसकी आईडी से संबंधित कागजात दिलवाने की मांग पुलिस से की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच एसआई मलकीत सिंह को सौंप दी है।



