






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 11 अप्रैल 2025। पूरे राज्य समय से पहले आई भीषण गर्मी को देखते हुए राज्य सरकार द्वारा आम जन को राहत देने के विशेष व्यवस्थाओं के निर्देश प्रदेश भर में दिए गए है। राज्य सरकार के निर्देशों पर शुक्रवार को उपखण्ड़ अधिकारी कार्यालय में बैठक आयोजित की गई एवं सभी विभागों को अलग अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई। उपखण्ड अधिकारी उमा मित्तल के अवकाश पर होने के कारण बैठक की अध्यक्षता कार्रवाहक उपखण्ड़ अधिकारी तहसीलदार कुलदीप मीणा ने की। मीणा ने बताया कि बैठक में लिए गए निर्णयों के अनुसार सभी ग्राम विकास अधिकारियों को नरेगा कार्य स्थलों पर टेंट, पेजयल की व्यवस्था करवाने, नरेगा कार्य स्थल पर प्राथमिक चिकित्सा रिजेण्ट्स की व्यवस्था करने, महिलाओं एवं बच्चों के लिए विशेष व्यवस्था करने, ग्रामीण क्षेत्रों में पशुओं के लिए खेलीयां भरवाने एवं पक्षियों के लिए पंरिडें लगवाने, सार्वजनिक स्थलों पर पेयजल एवं ओआरएस घोल की नियमानुसार व्यवस्था करवाने, खराब पड़े टयुबवैलों को तुरंत जलदाय विभाग से समन्वय कर सही करवाने के निर्देश दिए गए है। इसी प्रकार पटवारियों को ग्राम विकास अधिकारियों के साथ समन्वय कर सभी व्यवस्थाओं का जायजा लेने, प्राथमिक एवं सामुदायिक चिकित्सा केन्द्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं संबधि रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए है। नगरपालिका को भी सार्वजनिक स्थलों पर शीतल पेयजल की व्यवस्था करने, पक्षियों के लिए परिंडे, पशुओं के लिए खेलियां भरवाने, आवश्यक प्रचार प्रसार करने को कहा गया गया। मुख्य ब्लाक चिकित्सा अधिकारी को सभी प्राथमिक एवं सामुदायिक चिकित्सालयों में लू तापघात के लिए विशेष वार्ड बनाने, चिकित्सालयों में पानी, दवा वितरण केन्द्रों पर छाया, रोगियों के साथ आने वाले परिजनों के लिए बैठने की व्यवस्था, चिकित्सा संस्थानों की रेंडमली जांच करने और सभी चिकित्सा कार्मिकों को अर्लट मोड पर रखने को कहा गया है। जलदाय विभाग को भी ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में खराब पड़े टयुबवैलों को दुरूस्त करवा कर पेयजल सप्लाई की समस्त शिकायतें दुर करने को कहा गया है। ब्लॉक शिक्षा अधिकारी को भी स्कूलों में पानी, ओआरएस के घोल की व्यवस्था करने, स्कूल बैग में अनावश्यक बोझ़ कम करवाने, सभी कक्षाओं में पंखें शुरू करवाने को कहा गया है। पशुपालन विभाग को गौशालाओं में चारे-पानी की व्यवस्था करवाने के निर्देश दिए गए है। इनके अलावा सभी ब्लाक स्तरीय कार्यालयों में, आमजन को भी अपने अपने स्तर पर घरों में परिंडे लगा कर पानी भरने की अपील की गई है। विदित रहे कि श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में भी हीट वेव का जबरदस्त असर है एवं गुरूवार को तो एक महिला सड़क पर चलते हुए गश खाकर हाईवे के किनारे बनाए गए नालों में गिर गई थी। जिसे उपचार के बाद बीकानेर रैफर किया गया।




