






श्रीडूंगरगढ टाइम्स 13 मई 2026। क्षेत्र में नहरी पानी लाने के लिए शासन प्रमुख द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहें है। इस दिशा में दो दिन पूर्व मोघा निर्माण की स्वीकृति जारी हुई वहीं आज बुधवार को 76 हेक्टेयर बारानी भूमि में विशाल पानी रिजर्व डेम के लिए प्रशासनिक स्वीकृति जारी हुई है। विधायक ताराचंद सारस्वत ने इस ऐतिहासिक पेयजल परियोजना को धरती पर उतारने के प्रतिबद्धता जताते हुए इसके लिए लगातार प्रयासों को गति दी है। सारस्वत ने बताया कि इस 300 बीघा में बनने वाले डेम की प्रशासनिक स्वीकृति जारी हो गई है। इससे क्षेत्र की प्यास बुझाने की दिशा में लगातार प्रगति हो रही है। विधायक ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल, पीएचइडी मंत्री कन्हैयालाल चौधरी सहित राजस्थान सरकार का आभार जताया। सारस्वत ने बताया कि क्षेत्र में लगभग 76 हेक्टेयर बारानी भूमि जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (PHED) की वृहद पेयजल परियोजना हेतु निशुल्क आवंटित की गई है, जिसमें पानी का रिज़र्व डेम बनाया जाएगा। विधायक ने कहा कि श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र की पेयजल समस्या के स्थायी समाधान के लिए संवेदनशीलता एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया जा रहा है। सारस्वत ने बताया कि गत दिनों इस परियोजना के लिए 40 क्यूसेक पानी की स्वीकृति, मोघों की स्वीकृति तथा इंदिरा गांधी नहर विभाग जयपुर से प्रशासनिक प्रक्रियाओं को पूर्ण करवाए गए और अब भूमि आवंटन की प्रक्रिया पूर्ण होने से परियोजना को नई गति मिलेगी।




