






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 6 अगस्त 2025। एक विवाहिता ने 10 साल दहेज प्रताड़ना सही व अपने पति सहित 6 जनों के खिलाफ आरोप लगाए है। पूनम पुत्री राजकुमार नाई निवासी आड़सर बास ने कालूबास निवासी अपने पति श्यामसुदंर नाई, ससुर मदनलाल पुत्र जैसाराम नाई, सास बालादेवी, देवर भैराराम व सांवरमल तथा ननद भगवतीदेवी के खिलाफ दहेज प्रताड़ना के आरोप लगाए है। मंगलवार शाम को दर्ज मामले में पीड़िता ने पुलिस को बताया कि 20 मार्च 2015 को उसका विवाह आरोपी के साथ हुआ। उसके पिता ने अपनी हैसियत से बढ़चढ़ कर दान दहेज दिया। आरोपियों ने अपनी प्रतिष्ठा के अनुसार दहेज नहीं देने का उलाहना देते हुए एक लाख रूपए नगदी व एक मोटरसाइकिल की मांग करने लगे। आरोपियों ने उसे तंग परेशान करते हुए शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगे। दो वर्ष बाद उसकी पुत्री के जन्म पर छूछक में भी सोने के गहने, नगदी व मोटरसाइकिल लेकर आने की बात कही। पुत्री संतान होने व छूछक में उनकी मांग के अनुसार सामान नहीं देने पर अधिक परेशान करने लगे। पीड़िता के परिजनों ने कई बार समझाईश का प्रयास भी किया। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि करीब एक वर्ष पूर्व उसे रसोई में ले जाकर जलाने का प्रयास किया गया, तो वहां से बचकर भाग निकली व अपने पीहर पहुंची। 11 जून 2025 को आरोपियों ने कुछ नहीं बिगाड़ पाने की धमकी देते हुए स्त्रीधन लौटाने से मना कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच एसआई मोहनलाल को सौंप दी है।



