






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 29 अगस्त 2024। “संगत कर लो निर्मल संत री म्हारी हेली, आवागमन मिट जाए..” भजन की पंक्तियां गुनगुनाते हुए केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने अपने चिर परिचित अंदाज में तोलियासर के ग्रामीणों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि प्रकृति के साथ प्रेम होने से भगवान भी मदद करते है। जैसे राज्य व केंद्र की सरकार अच्छी है तो भगवान भी मेह अच्छा बरसा रहा है। उनकी चुटीली बातों पर ग्रामीणों ने ठहाके भी लगाए। केंद्रीय मंत्री ने गुरुवार को गांव तोलियासर पहुंचे और भैरव मंदिर में दर्शन किए। मंदिर प्रागंण में ही आयोजित लोकार्पण समारोह में ग्रामीणों से खुलकर वोटों की बातचीत भी की। ग्रामीणों ने उनका स्वागत सम्मान किया व उन्होंने यहां जल जीवन मिशन के तहत तोलियासर-जैतासर के लिए पेयजल योजना, नवनिर्मित 33/11 केवी जीएसएस, सीएसआर के तहत 24.50 लाख रुपए की राशि से निर्मित हॉल एवं टीन शेड निर्माण कार्य तथा सिनजेटा इंडिया प्राइवेट लिमिटेड द्वारा निर्मित सुलभ शौचालय का लोकार्पण किया। इस दौरान लोकार्पण समारोह के मंच पर विधायक ताराचंद सारस्वत, राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त रामगोपाल सुथार, पालिकाध्यक्ष मानमल शर्मा, बीकानेर महापौर प्रतिनिधि गुमानसिंह, ओबीसी मोर्चा जिलाध्यक्ष विनोदगिरी गुसाईं, जिला उपाध्यक्ष शिव स्वामी व कुंभनाथ सिद्ध, छैलूसिंह शेखावत, रामेश्वरलाल पारीक, मंडल अध्यक्ष महेंद्रसिंह, कोडामल भादू, भंवर बाना, रतनसिंह व कंपनी के प्रतिनिधि अमित चौहान, वेदनाथ मौजूद रहें। सभी अतिथियों का ग्रामीणों ने फुलमालाओं व साफे पहना कर स्वागत किया। आयोजन में विक्रमसिंह राजपुरोहित की विशेष भूमिका रही। समारोह में विक्रमसिंह सत्तासर, रतनसिंह, पार्षद रजत आसोपा, भरत सुथार, श्याम पुरोहित, सुनील तवानियां सहित बड़ी संख्या में तोलियासर गांव के ग्रामीण मौजूद रहें।
ग्रामीणों ने जताया आभार, रखी मांगे, मंत्री ने की घोषणा।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। ग्रामीणों ने तोलियासर रोही के किसानों के लिए फायदा देने वाले जीएसएस, स्कूल प्रांगण में बड़े हॉल व भादवा के मेले से पहले अत्याधुनिक सुलभ शौचालय का लोकार्पण करने पर मंत्री अर्जुनराम मेघवाल का आभार जताया। इस दौरान ग्रामीणों गांव में खेल मैदान का निर्माण करवाने, स्कूल की चारदीवारी बनवाने, एससी मोहल्ले में सामुदायिक भवन का निर्माण करवाने व गांव की गलियों में सोलर लाइटें लगवाने की मांग की। इस पर मंत्री ने खेल मैदान का कार्य शीघ्र की पूरा करवाने की घोषणा की। वहीं आश्वासन देते हुए कहा कि काम सभी करवा देंगे। वे राज्य सरकार से करवाए चाहे किसी फंड से करवाएं वे सदैव गांव के विकास के लिए तत्पर रहेंगे।
महिला मोर्चा पदाधिकारी ने किसान व छात्र हित में उठाई मांग।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। भाजपा महिला मोर्चा जिला देहात उपाध्यक्ष सुमन स्वामी ने तोलियासर में केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल को पीएम फसल बीमा क्लेम सत्र 2022 -23 का फसल बीमा दिलवाने व गांव उदरासर की वैद्य मघाराम राउमावि को पीएमश्री योजना में सम्मिलित करने के लिए ज्ञापन दिए।
टाइम्स ने उठाया था मुद्दा, मंत्री तक पहुंची बात, मेले से पहले मिली सौगात।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। तोलियासर स्टैंड पर करीब चार साल से अत्याधुनिक सुविधा युक्त सुलभ शौचालय तैयार खड़ा था और इस पर ताला लटका था। ध्यान रहें गत दिनों श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स ने भादवा मेले से पूर्व इसका लोकार्पण कर हजारों श्रद्धालुओं को राहत देने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। मंत्री तक बात पहुंची और मेले से पूर्व लोकार्पण कर हजारों यात्रियों को सुलभ सुविधाओं की सौगात मिली। अनेक ग्रामीणों ने जनहित का मुद्दा उठाने पर टाइम्स का भी आभार जताया।





