May 20, 2026
SDT_news-Recovered-1

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 31 जनवरी 2022। नरेगा में व्यापक भ्रष्टाचार को रोकने के लिए सरकार द्वारा नरेगा श्रमिकों की ऑनलाइन हाजिरी का नियम बनाने के विरोध में एक ओर जहां सरपंच संघ विरोध पर उतर आया है वहीं दूसरी और प्रशासन इसे सख्ती से लागू करवाने के लिए धड़ाधड़ निरीक्षण करने लगा है। सोमवार को जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी नित्या के. ने क्षेत्र की ग्राम पंचायत शेरूणा, नारसीसर, देराजसर के नरेगा कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान शेरूणा ग्राम पंचायत के नरेगा कार्य समय पर श्रमिक नहीं मिलने, कार्य गुणवत्ता पूर्ण नहीं होने और एनएमएमएस एप द्वारा श्रमिकों की हाजिरी नहीं लेने के कारण पंचायत के ग्राम विकास अधिकारी एवं कनिष्ठ तकनीकी सहायक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। इसके अलावा जिले की ग्राम पंचायत रायसर के ग्राम विकास अधिकारी एवं कनिष्ठ तकनीकी सहायक को भी नोटिस दिया गया है। इस दौरान नरेगा कार्य स्थलों पर छाया, पानी, टेंट, मेडिकल किट आदि विभिन्न सुविधाएं अनिवार्य रूप से उपलब्ध करवाने के निर्देश भी दिए गए है। सरपंचों के आंदोलन की खबरों के बीच प्रशासन की यह कार्यवाही अब दोनो पक्षो में टकराव का संदेश दे रही है।