






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 4 अप्रैल 2024। गुरूवार को एक दुःखद सड़क घटना गुसाईसर बड़ा से आगे कालू रोड पर हुई। यहां एक मोटरसाइकिल और एक अज्ञात कार में टक्कर हो गई। टक्कर में 32 वर्षीय दुर्गाराम पुत्र दिवंगत मूलाराम गोदारा निवासी लोढेरा की मौके पर ही मौत हो गई। उसके साथ बाइक पर सवार एक अन्य रविन्द्र पुत्र ओमप्रकाश माली निवासी जोधपुर गम्भीर रूप से घायल हो गया जिसे श्रीडूंगरगढ़ से बीकानेर पीबीएम रेफर कर दिया गया। कार चालक टक्कर मार कर फरार हो गया व राहगीरों ने एक शव व एक घायल को उपजिला अस्पताल पहुंचाया। एएसआई रविन्द्र सिंह ने अस्पताल पहुंच पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। वहीं भाई की रिपोर्ट पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
पति के बाद खोया पुत्र को, माँ हुई बेसुध, करते रहे गए मासूम इंतजार।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। लोढेरा निवासी दुर्गाराम की मौत से गांव में माहौल गमगीन हो गया। दुर्गाराम के पिता मूलाराम का करीब डेढ़ वर्ष पूर्व हृदयगति रुकने से असमय मृत्यु हो गयी थी और गुरुवार को जवान बेटे की मौत से मृतक की माँ बिलखते हुए बेसुध हो गयी। दो भाइयों में छोटे दुर्गाराम के दो मासूम पुत्र और एक नन्ही पुत्री उसका इंतजार करते ही रह गए। गांव भर में हंसते खेलते परिवार के उजड़ जाने की चर्चा के साथ परिवार के प्रति ग्रामीणों ने संवेदनाएं जताई। गांव में गुरुवार शाम शव की अंत्येष्टि कर दी गयी है और ग्रामीणों ने परिवार को सांत्वना दी।



