






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 29 नवंबर 2024। पंचायती राज चुनाव पर असमंजस बना हुआ है परंतु राज्य चुनाव आयोग ने तैयारियां शुरू कर दी है। नगरीय निकायों के बाद अब पंचायतों की मतदाता सूची को अंतिम रूप देने के कार्मिक जुट गए है। वहीं राज्य निर्वाचन आयोग ने सभी जिला कलेक्टरों को ग्राम पंचायतों की मतदाता सूची अपडेट करने और मतदाता केंद्रों को चिह्नित करने के आदेश दे दिए है। इसके साथ ही इन ग्राम पंचायतों में चुनाव की तैयारी शुरू कर दी गई है। प्रदेश भर में राज्य सरकार की वन स्टेट वन इलेक्शन की तैयारी के बीच राज्य निर्वाचन आयोग ने 7463 ग्राम पंचायतों में चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है। इन पंचायतों में सरपंच व वार्ड पंचो का पांच साल का कार्यकाल जनवरी फरवारी 2025 में पूरा होने जा रहा है। हालांकि वन स्टेट वन इलेक्शन की घोषणा के कारण हाल ही में राज्य सरकार ने 49 शहरी निकायों में प्रशासक नियुक्त कर चुनाव टाल दिए गए है। अगले साल की शुरूआत में राजस्थान में 6759 ग्राम पंचायतों का जनवरी में और 704 का फरवरी में कार्यकाल पूरा हो रहा है। इसको देखते हुए वन स्टेट वन इलेक्शन की घोषणा के कारण शहरी निकायों की तरह ग्राम पंचायतों के चुनाव पर भी असमंजस की स्थिति बरकरार है। आयोग ने पंचायत चुनाव के लिए वोटर लिस्ट अपडेट करने के लिए प्रगंणक नियुक्त करने को कहा है। आयोग ने बूथ लेवल ऑफिसर को ही प्रगणक नियुक्त करने को कहा है। वहीं सरकार द्वारा पंचायतों के चुनाव खिसकाने के लिए वार्डों का परिसीमन करवाने की चर्चाएं भी प्रबल रूप से हो रही है।
गांवो में गहमागहमी शुरू, सोशल मीडिया पर उत्साह।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। ग्राम पंचायमों की मतदाता सूची को अंतिम रूप दिए जाने के आदेश के साथ ही ग्राम पंचायतों में गहमागहमी शुरू हो गई है। वर्तमान सरपंचो सहित भावी दावेदार भी सक्रिय हो गए है। सोशल मीडिया पर चुनाव का उत्साह नजर आने लगा है। सरपंच व गांव के विकास को लेकर अनेक पोस्ट नजर आने लगी है। वहीं दावेदारों ने भी चौपालों पर चर्चा के साथ संपर्क करना प्रारंभ कर दिया है।




