






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 9 अगस्त 2021। उपखंड कार्यालय के सामने हाथों में तख्तियां और होठों पर नारे, ये दृश्य आज दिल्ली में नहीं वरन श्रीडूंगरगढ़ में हुई किसान सभा में नजर आया।संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर आयोजित किसान सभा में क्षेत्र के किसानों ने केन्द्र सरकार से नए तीनों कृषि कानून रद्द करने की पूरजोर मांग की। यहां किसान आंदोलन के समर्थन में आज किसानों ने विरोध-प्रदर्शन किया और रैली निकालकर केन्द्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए ज्ञापन भी दिया। बड़ी संख्या में उपखंड से किसान एकत्र हुए तथा इस किसान आम सभा की अध्यक्षता किसान नेता मोडाराम तर्ड, काननाथ सिद्ध व सोहनलाल गोदारा ने की। सभा को विधायक गिरधारीलाल महिया सहित मोहनलाल भादू, एडवोकेट भरत सिंह, किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष पूनमचंद नैण, अमरगिरी, राजेन्द्र जाखड़, पूर्व प्रधान मघाराम मेघवाल, क्रय विक्रय चेयरमैन तुलसीराम गोदारा, पूर्व सरपंच दानाराम भादू, एसएफआई के मुकेश ज्याणी आदि किसान नेताओं ने संबोधित किया। सभी वक्ताओं ने तीनों कृषि कानूनों को काले कानून बताते हुए इनके नुकसान के बारे में किसानों को जानकारी दी और डीजल-पेट्रोल की बढ़ती दरों के खिलाफ केन्द्र सरकार के विरुद्ध आवाज बुलंद करने का आह्वान किसानों से किया। सभी वक्ताओं ने किसानों को संघर्ष तेज करने व आंदोलन को मजबूत करने के लिए आम जनता में जागृति लाने की बात कही।









