






श्रीडूंगरगढ टाइम्स 27 जुलाई 2020। नगरपालिका क्षेत्र में रविवार शाम को हुई पहली ही बरसात में नगरपालिका के प्रबधंन की पोल खुल गई है। एक ही बरसात में कस्बे के हालात कंट्रोल से बाहर हुए और नियमों के अनुसार नगरपालिका, पंचायत समिति या तहसील कार्यालय में कहीं भी मानसून आने से पूर्व कोई कंट्रोल रूम बनाया गया हो इसकी सूचना आमजन के पास नहीं है। आमजनता किसे फोन करें उन्हें इस बात की कोई जानकारी नहीं है। पालिका ने आपदा प्रबधंन की कोई व्यवस्था की है इसमें भी कस्बेवासियों को संशय ही है। रविवार को क्षेत्र में 35 एमएम बरसात ने हालात बेकाबू कर दिए और देखा जाए तो श्रीडूंगरगढ में पिछले वर्षों में 81 एमएम और 72 एमएम बरसात भी हुई थी। अगर अब ये ये आंकड़ा बरसात का हुआ तो कस्बे में पानी भरने से कई मकान ढहने की सूचनाएं भी आ ही जाएगी। रविवार को हुई पहली ही बरसात में नालियां ऑवरफ्लो हो गयी व घरों में, दुकानों में पानी भर गया जिससे नागरिकों में भारी रोष है। नगरपालिका के जिम्मेदार फोन भी नहीं उठाते और देर शाम क्षेत्रीय विधायक गिरधारीलाल महिया को सूचना मिलने पर तुरंत मौके पर पहुंचे और लोगों के हालात पर जिलाकलेक्टर को फोन कर जलनिकासी संसाधनों की व्यवस्था करने व घरों से पानी निकलवाने की बात कही। महिया ने नगरपालिका के कर्मचारियों को भी मौके पर बुलाया और जल निकासी प्रबंधन व्यवस्था सुचारू करने के निर्देश दिए। वार्ड 17 में करीब 70 घरों में पानी भर गया था और लोग इस पानी को निकालने की मांग कर रहे थे। क्षेत्र में सड़कों के निर्माण में सरकार का पैसा पानी की तरह बहा कर भी समस्याऐं जस की तस ही रही है। साल दर साल कस्बे का हाल बेहाल होता जा रहा है पानी निकासी के लिए समय रहते कोई तैयारी नहीं की जाती है और बरसात पर जनता हैरान परेशान समस्याओं से जूझती रहती है। इंद्रदेव की मेहरबानी से आज या आज रात बरसात और हो गयी तो हालात बदतर हो जाएंगे। पिछली बरसात में भी आड़सर बास में नानूराम नाई का मकान गिरने से गरीब परिवार बेघर हो गया था। कस्बे में मुख्य बाजार सहित मोमासर बास में मदर इंडिया स्कूल के पास, आडसर बास में श्यामजी मंदिर के पास, ब्राइट फ्युचर स्कूल के पास, सेवानाथजी बगीची के पास, बिग्गाबास में गौशाला के पास, दशहरा मैदान के पास, कालूबास में नेहरू पार्क के पास आदि क्षेत्रों में जल भराव की स्थिति हो गई है। कस्बेवासी फोन घूमा घूमा कर परेशान भी हो रहे है और सभी एक स्वर में प्रशासन से जल निकासी के प्रबधंन की मांग भी कर रहे है।
विधायक महिया मौके पर पहुंचे, जलनिकासी करवाई।
श्रीडूंगरगढ टाइम्स। क्षेत्रीय विधायक गिरधारीलाल महिया रविवार रात को कस्बे के वार्ड 17 में पहुंचे व स्थिति का जायजा लिया। महिया ने नगरपालिका के अधिकारियों को फोन किया, जिलाकलेक्टर को फोन किया। महिया के हस्तक्षेप के बाद आखिरकार अधिशाषी अधिकारी भवानी शंकर व्यास भी मौके पर पहुंचे व पानी की निकासी करवाई। महिया ने भी पालिका प्रशासन पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया और जनता की आवाज नहीं सुनने पर अधिकारियों को फटकारा भी।








