






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 7 नवबंर 2020। गांव कल्याणसर नया और आज गांव में छाए सन्नाटे को चीरती नानूराम की माता व बहनों की चीत्कार, हर किसी का कलेजा मुंह को आ रहा है। गांव की औरतें व ग्रामीण किसी तरह परिजनों को ढ़ाढ़स बंधाने का प्रयास कर रहें है। जवान पुत्र की मृत्यु पर माता पिता का कलेजा फट रहा है और वे कह रहें है सब्र करें कैसे.? गांव में आज चूल्हे नहीं जले और पूरा गांव 20 वर्षीय नौजवान नानूराम पुत्र ओमप्रकाश गोदारा की असमय मृत्यु के शोक में डूबा है। तीन भाइयों में सबसे छोटा नानूराम ग्रेज्युएशन की पढ़ाई कर रहा था व अब सरकारी नौकरी की तैयारी में जुटने की बात घर में की जा रही थी। नानूराम आज सुबह अपने चाचा के बेटे भाई रामदेव पुत्र चेनाराम गोदारा के साथ खेत जा रहा था और बाईक भी गांव के ही संतोष नाई की मांग कर ले गया और कभी लौट कर नहीं आया। रामदेव गंभीर हालात में बीकानेर पीबीएम में भर्ती है और परिजन उसके स्वस्थ होने की मन्नतें मांग रहें है। गरीब परिवार काश्त करके अपना जीवनयापन करता है और नानूराम के दोनों बड़े भाई उन्हें पढ़ा लिखा कर नौकरी में भेजना चाहते थे। वहीं दोनों बहनें कभी तो दिन फिरने की आस में सबसे छोटे भाई को लाड़ लडा़ती थी। माता नानू के सर पर सेहरा सजाने की बातचीत रिश्तेदारी में चलाने लगी थी वहीं आज सारे सपने एक पिकअप से हुई टक्कर में चकनाचूर हो गए। बाइक पर सवार नानूराम की घटनास्थल पर दर्दनाक मौत हो गई और पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया है। मृतक के मामा भगवानाराम ने मामला दर्ज करवाया है व पुलिस कार्रवाई में जुट गई है।



