






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 12 मई 2026। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने अपने हक की आवाज उठाते हुए उपखंड अधिकारी और तहसीलदार को ज्ञापन सौंपे और सुनवाई करने की मांग करते हुए प्रदर्शन किया।
उपखण्ड अधिकारी शुभम शर्मा को ज्ञापन देते हुए कार्यकर्ताओं ने बताया कि लंबे समय से विभिन्न विभागीय ऑफलाइन कार्य के साथ ऑनलाइन कार्य भी उनसे करवाए जा रहें है। इन कार्यों के लिए विभाग द्वारा एक साधारण मोबाइल फोन दिया हुआ है। उससे कनेक्टिविटी के अभाव में सभी ऑनलाइन कार्य ईमित्रों के माध्यम से भुगतान देकर करवाना पड़ रहा है। इन कार्यों के उचित मानदेय या रिचार्ज शुल्क भी नहीं दिया जा रहा है। वहीं ये कार्य महिला अधिकारिता विभाग का कार्य है जो जबरन आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से करवाया जा रहा है। उन्होंने अपनी मांगे रखते हुए कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र के निर्धारित कार्यों के अतिरिक्त कार्यों के लिए मानदेय दिया जाए, आंगनबाड़ी केंद्रों पर विभाग के द्वारा विद्युतीकरण करवाया गया था, उनके दो साल से बकाया बिजली बिलों का भुगतान किया जाए, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के लिए निर्धारित ग्रीष्मकालीन व शीतकालीन अवकाश उन्हें दिए जाए, कार्य की सुगमता के लिए 5G मोबाइल अथवा टैबलेट दिए जाए और अतिरिक्त कार्य का भुगतान दिए जाए। जिससे आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सम्मान के साथ उनका हक मिल सके। कार्यकर्ताओं ने स्थानीय महिला एवं बाल विकास अधिकारी चंद्रप्रभा शर्मा को भी ज्ञापन देकर समस्याओं के समाधान की मांग की। इस मौके पर माया शर्मा, प्रेमलता मोयल, मंजू कस्वां, ज्योति गोदारा, मंजू स्वामी, कलावती मारु, मोहिनी स्वामी, प्रेमलता पांडिया, पाना गुर्जर, सुमन दर्जी, रेणु सिखवाल, हरकू देवी स्वामी, जसोदा, सन्नू देवी सहित शहर एवं ग्रामीण क्षेत्र की सैकड़ों आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मौजूद रहीं।




