May 21, 2026
श्रीडूंगरगढ़ में होगी सीएम की एक और सभा…?

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 16 मार्च 2021। गत 27 फरवरी को मुख्यमंत्री सहित राज्य सरकार एवं कांग्रेस के राष्ट्रीय, प्रदेश स्तरीय नेता श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में थे। तहसील के गांव धनेरू की रोही में आयोजित इस किसान सम्मेलन के बाद अब क्षेत्र में मुख्यमंत्री की एक और सभा प्रस्तावित हो रही है। इस खबर के साथ ही क्षेत्र के कांग्रेसी नेता, कार्यकर्ता रोमांचित हो रहे है लेकिन मजे की बात यह है कि इस बार भी सभा सुजानगढ़ बार्डर पर ही आयोजित होने की संभावना है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार क्षेत्र के लाडले एवं क्षेत्र की आन बान शान अमर शहीद हेतराम गोदारा की पुण्यतिथि पर आगामी 1 अप्रैल को उनकी मूर्ति का अनवारण समारोह आयोजित होना है। इस समारोह के लिए क्षेत्र के कांग्रेसी नेता एवं पूर्व विधायक मंगलाराम गोदारा ने गत 27 फरवरी को ही मुख्यमंत्री के प्रवास के दौरान उन्हें आमंत्रित किया था। इस आमंत्रण के बाद अब आमंत्रण के संबध में मुख्यमंत्री कार्यालय से लेकर, जिला प्रशासन, उपखण्ड प्रशासन के इस संबध में सक्रिय होने, रिपोर्टें तैयार करने और आयोजन का आंकलन लगाने के कारण मुख्यमंत्री के इस समारोह में शामिल होने का अनुमान लगाया जा रहा है। क्षेत्र के शहीद हेतराम गोदारा को कश्मीर में आंतकवादियों से लोहा लेते हुए जबरदस्त वीरता दिखाने के कारण भारतीय सेना ने मरणोपरांत सेना मैडल से भी नवाजा था और उनकी प्रतिमा के अनावरण में मुख्यमंत्री का शामिल होना क्षेत्र के लिए गर्व की बात होगी।