May 20, 2026
10-oct

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 14 दिसंबर 2023। श्रीडूंगरगढ़ में पुलिस के पास स्टाफ कम है इसलिए नागरिकों की जिम्मेदारी है कि वे अपने जान माल की सुरक्षा स्वयं ही करें। आज अनेक नागरिक श्रीडूंगरगढ़ उपजिला अस्पताल परिसर में यही बात कहते हुए नजर आ रहें है। अस्पताल में रोजाना आमजन की गाढ़ी कमाई चोर उच्चकों की भेंट चढ़ रही है और लगातार पुलिस कर्मियों की नियुक्ति की मांग को पुलिस विभाग द्वारा अनदेखा किया जा रहा है। आज गुसाईंसर बड़ा के निवासी सोहनराम नायक वारदात का शिकार हुए। अस्पताल में उनकी जेब से 19,500 रूपए नगदी चोर ने पार कर लिए। नायक हैरान परेशान थाने पहुंचे और हेड कांस्टेबल सुरेश कुमार को साथ लेकर मौके पहुंचे है। मामले की जांच की जा रही है परंतु समाधान पर चर्चा नहीं हो रही है। बता देवें बुधवार को भी यहां ओमप्रकाश पुत्र खियाराम गोदारा निवासी गुसाईसर बड़ा की जेब से चोरों ने 13000 नगदी चुराए थे। भर्ती मरीज के परिजनों ने बताया कि आए दिन यहां से विभिन्न प्रकार के सामान चोरी की घटनाएं भी खूब हो रही है। लगातार हो रही इन वारदातों के बाद नागरिकों में चर्चा जोरों पर है कि चोरों के लिए अस्पताल परिसर सबसे सुरक्षित अड्डा बन गया है। अस्पताल प्रशासन भी घटनाओं से परेशान है। अस्पताल प्रभारी डॉ. एस.के. बिहाणी ने बताया कि बुधवार व गुरूवार को ही नहीं लगातार परिसर में ऐसी घटनाएं हो रही है। हमने पुलिस विभाग को अनेकों बार लिखित व सैंकड़ो बार मौखिक में यहां पुलिस कर्मी की नियुक्ति के लिए कहा है परंतु सुनवाई नहीं हो पाई है। डॉ. बिहाणी सहित पूरे स्टाफ ने कहा कि कम से कम दिन में अधिक भीड़ वाले चार-पांच घंटे ही पुलिस कर्मी तैनात रहें तो अपराधियों में कुछ भय हो सकें। बता देवें श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स भी लगातार नागरिकों की सुरक्षा के लिए आमजन की आवाज को उठाकर पुलिस विभाग के कानों तक पहुंचाने का प्रयास कर रहा है।