






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 9 जनवरी 2021। श्रीडूंगरगढ़ नगरपालिका चुनाव में 11 जनवरी से पर्चें भरे जाने है और भावी पार्षद के लिए दावेदारी, खींचतान बढ़ती जा रही है। क्षेत्र में भाजपा, कांग्रेस, माकपा के साथ आरएलपी, बसपा और श्रीडूंगरगढ़ की जनता को श्रीडूंगरगढ़ विकास मंच का विकल्प भी मिल रहा है। चुनाव रोचक होने जा रहे है और पहली बार इतने प्रत्याशी मैदान में आने की तैयारियों में जुटे है कि हार जीत के अब तक के सभी समीकरण बिगड़ने की संभावना है। भाजपा ने सर्वसम्मति से आवेदन लेने आज से प्रारम्भ कर दिए है और भाजपा देहात जिलाध्यक्ष ताराचंद सारस्वत ने पार्टी सर्वोपरी का नारा बुलंद करते हुए कार्यकताओं को एकजुट करने का प्रयास भी किया है। भाजपा पूर्व विधायक किसनाराम नाई की श्रीडूंगरगढ़ विकास मंच की घोषणा से हालांकि कोई नुकसान होने से उन्होंने इंकार किया है। एबीवीपी संगठन के जिला संयोजक महेन्द्र राजपूत ने देहात जिलाध्यक्ष के नाम शहर मंडल महामंत्री प्रदीप जोशी व महेश राजोतिया को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि भाजपा संगठन विद्यार्थी परिषद में कार्य कर चुके कर्मठ कार्यकर्ताओं को टिकिट देकर उन्हें भी शहर के विकास के लिए भागीदारी निभाने का अवसर देने की मांग की। उनके साथ ओमसिंह राजपुरोहित, किशन पुरी, अनिल सोनी, मुकेश, भवानी सिंह सहित अनेक कार्यकर्ता भाजपा कार्यालय पहुंचे। वहीं आज रालोपा ने नगरपालिका चुनावों की तैयारी के लिए कार्यकर्ताओं की बैठक जेठाराम जाखड़ ने ली। जाखड़ ने भी पालिका मैदान में प्रत्याशी उतारने की बात कही और कार्यकर्ताओं को जनसंपर्क में जुट जाने के लिए कहा है। बैठक में पार्टी कार्यकर्ता जेठाराम जाखड़, जावेद कायमखानी, आशीष सोनी, मनोज जाखड़, रामसिंह बाना, नदिम अली, श्रवण, ताहीर काजी, राकेश भाम्भू, मोहन पूनियां, साहिल भाटी, सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बसपा नेता कमल बापेऊ ने भी आज श्रीडूंगरगढ़ कस्बे में जनसंपर्क किया व रविवार को होने वाली बैठक की पूर्व तैयारियां की। सभी पार्टियां जहां पालिका चुनाव में तैयारियों में जुट गई है वहीं अभी तक कांग्रेस और माकपा की कोई गुंज सुनाई दे रही है परन्तु ये पार्टियां भी तैयारियों में जुटी हुई है और अपनी रणनीति तय करने के लिए भाजपा में बगावत का इंतजार भी कर रही है। चुनावी माहौल बाजार से गली गली छाने लगा है और कस्बे सहित गांवो के ग्रामीण भी इसमें पूरी रुचि ले रहे है।



