May 20, 2026
10-octt

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 27 मार्च 2024। बीकानेर संसदीय क्षेत्र की आवाम आगामी 19 अप्रैल को लोकसभा के लिए अपने सांसद का चुनाव करेगी। बीकानेर में आज भाजपा के अर्जुनराम मेघवाल व कांग्रेस के गोविंदराम मेघवाल की नामांकन रैलियां आयोजित हुई और अर्जुनराम ने जिला निर्वाचन अधिकारी नम्रता वृष्णि को अपना पर्चा दाखिल करवा दिया है। भाजपा के मंच पर श्रीडूंगरगढ़ विधायक ताराचंद सारस्वत ने अर्जुनराम के लिए वोट मांगे और कार्यकर्ताओं को बूथ तक वोट पहुंचाने का आह्वान किया। मंच पर जिले के सभी भाजपा विधायक व पूर्व विधायक बिहारीलाल विश्नोई मौजूद रहे। कांग्रेस के मंच पर पूर्व विधायक गिरधारीलाल महिया ने भाजपा को किसान, मजदूर, युवा व महिलाओं की विरोधी सत्ता बताते हुए इंडिया गठबंधन के गोविन्द राम मेघवाल को जितवाने का आह्वान किया। महिया ने ऊंट से तुलना करते हुए अर्जुनराम को हराने के लिए एकजुट होने की अपील की। यहां पूर्व विधायक मंगलाराम गोदारा ने भी गोविंदराम के लिए वोट मांगे। मंच पर राजेंद्र बापेऊ भी मौजूद रहे। वहीं सभी विधानसभाओं से नेताओं ने बूथ तक वोट ले जाने का आह्वान किया। यहां गोविंदराम ने भी श्रीडूंगरगढ़ के महिया व गोदारा सहित बापेऊ को मिले वोटों से जोड़कर उनके लिए तालियां बजवाई। यहां सभी कांग्रेसी नेताओं ने जमकर भाजपा को कोसा व अग्निवीर योजना का विरोध करते हुए चिरंजीवी योजना बन्द किए जाने को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। नेताओं ने चुरू से पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को हेलीकॉप्टर उड़ाने की अनुमति नहीं देने के लिए भी सरकार को जमकर कोसा। गहलोत व गोविंदसिंह डोटासरा सड़क मार्ग से बीकानेर पहुंच रहें है। सभी विधान सभाओं से दोनों नेताओं की सभाओं में भाग लेने बड़ी संख्या में नेता व कार्यकर्ता पहुंचे।