May 29, 2026
0000

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 29 मई 2026। श्रीडूंगरगढ़ की रोही में एक बेशकीमती जमीन की पत्थरगढ़ी करवाने के दौरान भाजपा नेता को पुलिस ने शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार खसरा नम्बर 806 का वर्तमान में मौके पर अस्तित्व नहीं था एवं खसरे के मालिक द्वारा प्रशासन को परिवाद देकर अपने खसरे के अनुसार पत्थरगढ़ी करवाने की मांग की गई थी। इस पर प्रशासन द्वारा विगत 27 मई को आदेश निकाला गया था एवं उस दिन पुलिस बल नहीं मिलने पर प्रशासन ने कार्रवाही नहीं की थी। 28 मई को ईद की छुट्टी के बाद आज सुबह पुन: आदेश निकाला गया एवं प्रशासनिक अमला एवं पुलिस बल रेलवे पटरियों के पास स्थित इस जगह पर पहुंचा। इस खसरे के पास का ही खेत भाजपा ओबीसी मोर्चा जिलाध्यक्ष विनोद गिरी गुंसाई का है एवं प्रशासन ने इनके खेत में वर्षों पुरानी बनी सींव को अमान्य करते हुए खसरे नम्बर 806 की पत्थरगढ़ी करवानी शुरू कर दी। इसका गुंसाई ने विरोध किया तो उन्हें बीएनएस की धारा 170 में शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार कर थाने लाया गया। वहीं दुसरी और राजस्व कार्मिकों ने गुंसाई को थाने लाने के बाद मौके पर पत्थरगढ़ी करवाई है। प्रशासन की ओर से तहसीलदार श्रीवर्धन शर्मा, नायाब तहसीलदार सरजीत सिंह धायल, गिरदावर चैनसिंह, पटवारी सीताराम नाई, रामचंद्र, निर्मल पारीक शामिल रहे। वहीं पुलिस बल की ओर एसआई राजेन्द्र मय जाप्ता मौजूद रहे। मौके पर तनाव बढ़ता देख थानाधिकारी कश्यप सिंह भी मौके पर पहुंचे और गुंसाई को गिरफ्तार किया।
लंबे समय से चल रहा विवाद।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। इस भूमि के हवा-हवाई खसरे नम्बर 806 का मौके पर कोई अस्तित्व नहीं था एवं आस पास के खेतों की सींवों में यह खेत दब गया। ऐसे में इस खसरे के मालिक कस्बे के प्रवासी परिवार श्यामसुखा परिवार ने औने-पौने दामों में स्थानीय प्रोप्रर्टी डिलर्स को बिना कब्जे के ही बेच दिया था। स्थानीय प्रोप्रर्टी डिलर्स ने भी इस भूमि पर कब्जे का प्रयास किया लेकिन भाजपा नेता गुंसाई द्वारा अपने खेत में नहीं घुसने दिया गया। इस पर बीकानेर के प्रोप्रर्टी डिलर्स को रमेश भाटी पुत्र गोपीकिशन भाटी के नाम से बेच दिया गया एवं अब शुक्रवार को यह कार्रवाही हुई है। बताया जा रहा है यह खसरा खरीदने वाले बीकानेर के प्रोप्रर्टी डिलर्स में राजनैतिक व्यक्ति भी शामिल है एवं उन्हीं के प्रभाव से यह कार्रवाही हुई है।
प्रशासन ने दिलवाया 45 बीघा का कब्जा।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। खसरा नम्बर 805 की करीब 45 बीघा जमीन को जरिये रजिस्ट्री खरीदने वाले बीकानेर निवासी रमेश कुमार भाटी को प्रसाशन द्वारा आज मौके पर कब्जा दिलवाया गया। यह 45 बीघा खेत, खेत मालिक द्वारा लंबे समय से संभाल नही करने के कारण सिंव विहीन हो गया था व आसपास के खेतों में दबा हुआ था। जिसे आज प्रशासन ने कब्जे से मुक्त करवाया है।