May 21, 2026
1

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 13 जुलाई 2023। नाबालिग बालिका के दस्तयाब होने के साथ ही शांत हुए प्रदर्शन के प्रकरण में श्रीडूंगरगढ़ पुलिस द्वारा दर्ज मामले ने पुनः उबाल ला दिया है। पुलिस ने 53 नामजद सहित 400 के खिलाफ मामला दर्ज किया जिसका विरोध बढ़ता जा रहा है। आज बीकानेर एसपी तेजस्विनी गौतम से मुलाकात कर इस मामले में हस्तक्षेप करने की मांग जिला भाजपा ने की। भाजपा देहात जिलाध्यक्ष जालमसिंह भाटी ने नाराजगी जताते हुए बताया कि पुलिस अधीक्षक के नाम ज्ञापन देकर हमने वस्तुस्थिति बताते हुए झूठे मामले को खारिज करने की मांग की है। भाटी ने कहा कि नाबालिग को दस्तयाब करने की मांग को लेकर किया जा रहा धरना प्रदर्शन उसके मिल जाने के साथ ही समाप्त हो गया व इस दौरान किसी ने कानून का उल्लघंन नहीं किया। उन्होंने कहा कि आक्रोशित जनता के साथ संपर्क बरकरार रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले कस्बे के प्रतिष्ठित नागरिकों व बालिका के परिजनों के खिलाफ की गई कार्रवाई निंदनीय है। पूर्व संसदीय सचिव डॉ विश्वनाथ मेघवाल ने कहा कि पुलिस का ये कार्य अपराधियों में नहीं बल्कि आमजन में भय पैदा करने वाला है परंतु मामले को वापस नहीं लिया गया तो परिणाम गंभीर हो सकते है। इस दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष ताराचंद सारस्वत, चुरू जिला प्रभारी प्रभारी रामगोपाल सुथार, जिला महामंत्री महेश मूंड, जिला उपाध्यक्ष शिव स्वामी व कुंभाराम सिद्ध आईजी से मिले है व मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की। भाजपा नेता ने बताया कि एसपी ने किसी निर्दोष पर कार्रवाई नहीं होने देने का आश्वासन दिया है।