






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 17 अक्टूबर 2023। क्षेत्र के गांव मोमासर की रोही में देवरानी ने अपने पति के साथ मिलकर जेठानी व जेठूती से मारपीट कर उनके पहने हुए गहने छीन लिए। जेठानी ने थाने पहुंच कर दोनों के खिलाफ रंजिश में मारपीट करने व जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए है। पुलिस सुत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार 56 वर्षीय मनोहरी देवी पत्नी दिवगंत रामलाल जाट निवासी मोमासर ने बेटे मनोज के साथ थाने आकर पुलिस को बताया कि 15 अक्टूबर की सुबह 8 बजे मैं व मेरी पुत्री सरिता अपने खेत में ढाणी में थी और बेटा मनोज गांव गया हुआ था। हमारे खेत से उत्तरादी में मेरे देवर ईशरराम पुत्र भगवानाराम जाट की हिस्सा पांति का खेत है। मेरे देवर के खेत में से उसकी बकरियां मेरे खेत में आकर फसल खराब करने लगी तो मेरी बेटी सरिता उन्हें निकालने गई। तभी देवरानी राधा व ईशरराम ने नाजायज रूप से हमारे खेत में घुसकर गाली गलौच करते हुए सरिता के साथ मारपीट की। जब मैं मौके पर पहुंची तो चौंसागी से मारपीट करते हुए हमारे कान गले में पहने हुए सोने के गहने छीन लिए। जब काश्तकारों ने बीच बचाव कर छुड़वाया तो दोनों ने आइंदा जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है।



