






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 28 नवम्बर 2021। अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ ने 1 दिसम्बर से 3 दिसम्बर तक प्रशासन शहरों/गांवो के संग शिविरों का बहिष्कार करने व उपखंड कार्यालयों के आगे धरना देने की घोषणा की है। महासंघ से जुड़े सभी संगठनों के कर्मचारी 1 दिसम्बर की सुबह 9.30 से सांय 4 बजे तक तीन दिन धरने पर बैठेंगे। संघ ने धरने की व्यवस्थाओं के लिए भी जिम्मेदारी अनेक संगठनों को सौंपी है। इनमें धरने पर टेंट की सुविधा ग्राम विकास अधिकारी, बैनर व स्टेशनरी की व्यवस्था राजस्थान पटवार संघ व कानूनगो संघ, पेयजल व्यवस्था राजस्थान कृषि पर्यवेक्षक संगठन, अल्पाहार की सुविधा राजस्थान पशु चिकित्सा कर्मचारी संघ को सौंपी गई है।
श्रीडूंगरगढ़ के इन शिविरों में होगा कार्य प्रभावित।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। 1 दिसम्बर को कितासर भाटियान/ कितासर बिदावतान में, 2 दिसम्बर को सत्तासर में, 3 दिसम्बर को इंदपालसर सांखलान/ इंदपालसर गुसाईंसर में प्रशासन गांवो के संग तथा श्रीडूंगरगढ़ के वार्डों में भी प्रशासन शहरों के संग शिविर का आयोजन होना है। ग्राम विकास अधिकारी व पटवारी, कृषि विभाग, पेयजल आपूर्ति विभाग, पशु चिकित्सा विभाग सहित अनेक विभागों की अनुपस्थिति में शिविर केवल खानापूर्ति ही साबित होंगे। बता देवें इससे पूर्व भी नेट बंदी के दौरान ग्रामीणों के कोई कार्य शिविरों में नहीं हुए थे।



