






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 25 नवंबर 2025। एक लड़के की उम्र अधिक होने पर उसके पिता ने बोलने में असक्षम भोली युवती को देखकर उसका विवाह करवा दिया। उसके बाद उसे प्रताड़ित करते हुए पीहर छोड़ गए व अब दो लाख की नगदी व बाइक मांगी तो पीड़िता ने पति सहित पांच जनों के खिलाफ आरोप लगाते हुए मामला दर्ज करवाया है।
आड़सर बास निवासी रामचंद्र ब्राह्मण की पुत्री पूजा ने बीकानेर के मोहता चौक निवासी अपने पति जितेंद्र, ससुसर मदनलाल पुत्र करणीदान, सास मैनादेवी व पति के भाई ओमप्रकाश व कालूराम के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसे जन्म से ही बोलने में दिक्कत है। करीब पांच साल पहले मदनलाल उसके घर आया और उसके पिता से अपने बेटे जितेंद्र का विवाह पीड़िता के साथ करवाने की बात कही। पीड़िता के पिता ने मदनलाल से अपनी पत्नी व बेटे को बुलाकर पूरी बात बताने की बात कही। ससुर ने अपने परिवार को बुलाकर उसे पसंद किया व उसकी बोलने की दिक्कत से कोई परेशानी नहीं होने की बात कही। ससुर ने बड़ी उम्र हो जाने और कोई लड़की नहीं मिलने की बात कहते हुए जितेंद्र से 21 अप्रैल 2021 को उसका विवाह करवा दिया। पीड़िता के पिता ने दान दहेज देकर विवाह संपन्न करवाया। आरोपियों ने दो तीन दिन तक तो उसे ठीक रखा, फिर ससुर अश्लील हरकतें करने लगा और पति दुर्व्यवहार करता। पति उसे नशे की गोलियां देकर नशे में रखता, मारपीट करता। आरोपियों ने उसे मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया। पीहर वालों ने कई बार समझाईश भी की परंतु आरोपी नहीं माने। करीब तीन साल पहले उसे पीहर छोड़ गए व वापस ले जाने की बात पर आरोपियो ने दो लाख नगद और मोटरसाइकिल देने की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच एसआई मोहनलाल को सौंप दी गई है।



