






श्रीडूंगररगढ़ टाइम्स 18 अप्रैल 2026। शुक्रवार रात को एक मामले की जांच में गांव मोमासर जा रहे पुलिस दल पर हमले की खबर श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स ने घटना होने के साथ ही दे दी थी। इस मामले में अपडेट खबर यह है कि हमले में मारपीट के शिकार बने एएसआई रामस्वरूप की रिपोर्ट पर चार नामजद व चार-पांच अन्य के खिलाफ राजकार्य में बाधा डालने, मारपीट करने, अपशब्दों का प्रयोग करने के आरोपों में मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच थानाधिकारी कश्यप सिंह करेगें एवं पुलिस बल ने आरोपियों की तलाश में कई स्थानों पर दबिश दी है। थानाधिकारी कश्यप सिंह ने बताया कि एएसआई रामस्वरूप एक मामले के अनुसंधान में निजी वाहन लेकर मोमासर गए थे। रास्ते में पड़ रहे गांव सत्तासर से मोमासर मार्ग पर एक व्यक्ति आम रास्ते पर अपना ट्रेक्टर खड़ा कर नीचे उतरा हुआ था एवं फोन पर बात कर रहा था। इससे रास्ता जाम हो गया एवं एएसआई के वाहन के साथ कई वाहन कतार में लग गए। ऐसे में एएसआई रामस्वरूप ने उसे समझाया लेकिन उसने समझाईश को अनसुनी की तो एएसआई ने ट्रेक्टर को स्वंय साईड में करने का प्रयास किया। इस पर आरोपी आवेशित हो गया एवं धक्कामुक्की करने लगा। आरोपी ने फोन कर अपने साथियों को बुलाने लगा तो एएसआई ने अन्य विवाद में पड़ने के बजाए मामले की जांच करने वहां से रवाना होकर मोमासर चौकी की ओर जाने लगे। इस दौरान आरोपी युवक सुभाष के बुलाने पर आए तीन-चार युवकों ने पिकअप से उनकी गाड़ी का पीछा किया एवं टक्कर मारने का प्रयास किया। उनसे बचते हुए पुलिस अधिकारी गांव मोमासर मुख्य बाजार पहुंचें तो आरोपियों ने मोटरसाईकिल उनकी गाड़ी के सामने लगा कर गाड़ी रूकवा दी एवं एएसआई की वर्दी पर लगी नेम-प्लेट को तोड़ दिया, उनके साथ मारपीट की। मारपीट में एएसआई के कान पर चोटें आई एवं आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने सत्तासर निवासी सुभाष, दिनेश पुत्र ओमप्रकाश शर्मा, शिवप्रकाश पुत्र ओमप्रकाश शर्मा, श्यामसुंदर पुत्र निराणा शर्मा एवं अन्य 4-5 युवकों की तलाश में शुक्रवार रात को एवं शनिवार दिन में कई जगहों पर दबिश दी है, लेकिन आरोपी अभी तक हाथ नहीं आए है।



