






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 4 अक्टूबर 2023। पर्यावरण शुद्धि दिवस पर अपना योगदान देने का संकल्प लेते हुए विद्यार्थियों ने अणुव्रत समिति के पदाधिकारियों के साथ पौधे लगाए। जयपुर पब्लिक स्कूल के परिसर में अणुव्रत सप्ताह के चौथे दिन आयोजित पर्यावरण शुद्धि दिवस उत्साह के साथ मनाया गया। समिति उपाध्यक्ष सत्यनारायण स्वामी ने पर्यावरण के क्षरण की जानकारी देते हुए इसके संरक्षण का महत्व बताया। स्वामी ने हवा, पानी, मिट्टी व खाद्य पदार्थों में फैलते विष के बारे में बताया व बच्चों से जागरूक होकर अपने परिजनों को भी पर्यावरण शुद्धि से जोड़ने की बात समझाई। उन्होंने बच्चों में सदाचारी गुणों के विकास के लिए अणुव्रत के महत्व की जानकारी भी दी। कार्यक्रम में समिति के मंत्री एडवोकेट रणवीरसिंह खीची ने अणुव्रत चेतना के बारे में बताते हुए संयुक्त राष्ट्र संघ की शुद्ध पर्यावरण की चिंता में प्रकाशित आलेख के बारे में जानकारी दी। खीची ने कहा कि प्रति व्यक्ति पर्यावरण के प्रति सचेत नहीं हुआ तो इसके भीषण परिणाम मानव जाति के सामने शीघ्र ही खड़े होंगे। उन्होंने बच्चों को राष्ट्रीय एकता का संकल्प दिलवाया। स्कूल के निदेशक कुंभाराम घिंटाला ने आए हुए अतिथियों का स्वागत करते हुए आभार जताया। घिंटाला ने बच्चों को सन्मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम में एडवोकेट कृष्ण पारीक, संदीप गोदारा, अंशु शर्मा, ओमप्रकाश प्रजापत, सत्यपाल सिंह, विनोद कुमार, संदीप सिंह, लक्ष्मण, भरतसिंह, हरीश शर्मा, कंचन सहित विद्यालय के छात्र छात्रा शामिल हुए। सभी ने पौधारोपण किया व पौधों के पालन का संकल्प भी लिया गया।




