






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 3 फरवरी 2025। सूर्य सप्तमी के पूर्व दिवस पर सोमवार को प्रदेश भर में सभी सरकारी व निजी विद्यालयों में सुबह 9 बजे एकसाथ सूर्य नमस्कार का आयोजन किया गया। जयपुर के एसएमएस स्टेडियम के फुटबॉल मैदान में प्रदेश स्तरीय आयोजन संपन्न हुआ वहीं बीकानेर में सोमवार को माध्यमिक और प्रारंभिक शिक्षा निदेशक गोपालराम बिरड़ा सहित कार्मिकों ने सूर्य नमस्कार की बारह क्रियाएं की। आयोजन को लेकर सोमवार को श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में उत्साह का माहौल रहा। स्कूलों में बच्चों व ग्रामीणों ने उत्साह के साथ सूर्य नमस्कार की क्रियाएं की। बाडेला के महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय में सूर्य नमस्कार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रशासक प्रतिनिधि हेमाराम खिलेरी, दानाराम ज्याणी, गोपालराम तिवाड़ी, अशोक, आयुर्वेदिक औषधालय से डॉ सुमन, राकेश चौधरी, पीएचसी से बाबूलाल मूंड सहित अनेक ग्रामीण व विद्यार्थी शामिल हुए। वहीं पीएमश्री ताल मैदान के स्कूल में विद्यार्थियों ने उल्लास के साथ सूर्य नमस्कार कार्यक्रम में भाग लेकर सूर्य नमस्कार किया। यहां प्रधानाचार्य डॉ मनीष सैनी ने कहा कि सूर्य नमस्कार की 12 क्रियाओं के माध्यम से शारीरिक व मानसिक मजबूती के साथ विद्यार्थियों को एकाग्रचित्त बनाने में सहायक साबित होता है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रतिदिन इसका अभ्यास करने की बात कही। ब्लॉक शिक्षा अधिकारी ओमप्रकाश प्रजापत ने बताया कि कार्यक्रम में पूरे ब्लॉक में 385 स्कूल शामिल हुए। जिनमें 55000 विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से सूर्य नमस्कार किया। इसमें 2500 अध्यापक व 3500 अभिभावक व ग्रामीण शामिल हुए।
















