May 20, 2026
010101

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 7 अगस्त 2023। भोले भाले लोगों को लालच देकर ठगने का नया नया तरीका ढूंढ कर ठग आए दिन नए नए कारनामें करते है लेकिन रविवार को श्रीडूंगरगढ़ बाजार में दो ठगों को एक होशियार बुजुर्ग ने अपनी समझदारी से सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार कस्बे के मोमासर बास निवासी रामेश्वरलाल विश्नोई रविवार सुबह अपने काम से बाजार में आए एवं उन्हें ग्रामीण वेशभुषा में देख कर दो जनों ने ठगने का जाल बिछाया लेकिन उस जाल में वे खुद की फंस गए। पढें इन दो ठगों को पकड़ने की कहानी खुद रामेश्वरलाल की जुबानी।

मै रविवार सुबह करीब 10 बजे बाजार आया था तो मुझे बैंक आफ बडौदा वाली गली में दो जनें मिले। दोनो नें मुझ से बातचीत करने के लिए घी लेने का बहाना ढूंढा एवं अपने परिवार के किसी महिला के डिलिवरी होने की बात कहते हुए देशी घी के बारे में पुछा। बातचीत शुरू हुई तो ठगों ने अपने नम्बर दे दिए एवं मेरे नम्बर ले लिए। मै वहां से निकल कर काम से पुरानी घास मंडी की और गया तो दोनो जनें मेरे पीछे आ गए एवं मुझसे कहा कि हम मजदूर है और ठेकेदार के पास काम करते हुए मिट्टी में से पीले रंग का एक माला निकली थी। इस माला का अब हम क्या करें यह समझ नहीं आ रहा, क्यों नहीं आप देख लो एक बार के वह क्या है। इस पर मैने उन्हें दिखाने को कहा। दोनो आरोपियों ने मुझे अपने पास वह माला दिखाई और कम पैसे में ले लेने को कहा। दोनो ठगों ने माला सोने की बताते हुए 8 लाख की किमत बताई एवं 6 लाख में दे देने की बात कही। पीले रंग में रंगी हुई धातु को सोना बता कर ठगने की बातें मेरे सुनी हुई थी एवं वह माला देखने पर मुझे शक हो गया तो दोनो को पकड़वाने की सोची। मैने उन्हें पैसे लेकर आने की बहाना बना लिया एवं बाजार में अपने दो-तीन परिचितों को बुला लिया। बाद में दोनों ठगों को मैने पैसे ले जाने एवं माला दे जाने की बात कही एवं दोनो जनों को चिकित्सालय के पास वाली गली में बुला लिया। यहां पर आते ही मैने उन्हें कहा कि आधे पैसे तो मै ले आया बाकी के पैसे मेरा भाई लेकर आ रहा है लेकिन पहले तुम मुझे माला दुबारा दिखाओ। इस पर जैसे ही युवकों ने माला वाला थैला मेरे हाथ में दिया तो मैने शोर मचा दिया एवं वहां पास में खड़े मेरे परिचितों ने दोनों को पकड़ने का प्रयास किया। दोनो जनें भागने भी लगे तो जनता मेडिकल के पास उन्हें आम लोगों ने पकड़ लिया एवं दोनो की जोरदार धुनाई कर दी। इस दौरान मैने पुलिस को भी बुला लिया और पुलिस दोनों को पकड़ कर ले गई।

पुलिस ने किया 151 में गिरफ्तार।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। बाजार में चोर पकड़ने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची एवं दो जनों को पकड़ कर लाई। दोनों जनों की पहचान मेड़ता निवासी प्रभूराम पुत्र मोहनलाल एवं मन्नाराम पुत्र देवाराम निवासी सिराही के रूप में हुई है। लेकिन इस संबध में किसी ने कोई लिखित रिपोर्ट नहीं दी तो पुलिस ने दोनो आरोंपियों को धारा 151 के तहत शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार किया है। दोनो आरोपियों ने पूरी रात सलाखों के पीछे ही निकाली है।