May 20, 2026
00

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 21 मार्च 2022। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र की सबसे बड़ी समस्या बन चुका यहां का बीदासर रोड रेलवे फाटक अब जिंदगियों पर भारी पड़ने लगा है। सोमवार को इस रेलवे फाटक पर ओवर ब्रिज की मांग को लेकर यूथ कांग्रेस ने संकल्प सभा का आयोजन किया, जिसमें कई गांवो के युवाओं ने इस आवाज को बुलंद करने के लिए संकल्प लिया। सभा के दौरान यहां हर रोज जिंदगी और मौत से जूझने वाले खतरनाक हालात भी देखने को मिले। सभा के दौरान यहां सीरियस हालात में एक गर्भवती महिला को लेकर परिजन पहुंचे। उसी समय एक मालगाड़ी आने के कारण फाटक बंद हो गया। महिला के परिजनों ने महिला की गंभीर स्थिति का हवाला देकर मदद के लिए आग्रह किया। लेकिन फाटक जल्दी नहीं खोल पाने की मजबूरी गेटमैन ने बताई। इसके बाद परिजनों ने महिला को बाहों में उठाया व गाड़ी से उतार कर पटरियों के पार दूसरी गाड़ी तक कंधों पर एयरलिफ्ट करते हुए पहुंचाया। प्रदर्शन के बीच यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने मदद करते हुए महिला को तुरन्त अस्पताल पहुंचाया। परिजनों ने युवकों का आभार जताया यूथ कांग्रेस के देहात जिलाध्यक्ष हरिराम बाना ने कहा कि ये हमारे 40 गांवो के हालात है जो गंभीर स्थितियों में अस्पताल पहुंचने के लिए भी फाटक पर जीवन से संघर्ष करते है। इसी संघर्ष में कोई आम नागरिक जिंदगी की रेस हार ना जाए इसलिए फाटक पर ओवरब्रिज आंदोलन को गति दी जा रही है।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। श्रीडूंगरगढ़ बीदासर रोड पर फाटक बंद होने पर गंभीर हालत में महिला को परिजनों ने पटरियां पार करवा दूसरी गाड़ी में बिठाया और अस्पताल पहुंचाया।