






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 29 जनवरी 2024। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र से पढें तीन बड़ी समस्याओं के बारे में जिनसे बड़ी संख्या में नागरिक बुरी तरह से प्रभावित हो रहें है और वे लगातार समाधान की मांग कर रहें है। तीनों समस्याओं की खबर पढ़ें विस्तार से और देखें फोटो भी-
दो माह से बंद पड़ा है ट्यूबवैल, पेयजल को तरसे ग्रामीण, उपखंड अधिकारी से लगाई गुहार।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। क्षेत्र के गांव पुंदलसर में स्थित मेघवालों के मोहल्ले का सार्वजनिक ट्यूबवैल गत दो माह से बंद पड़ा है। मोहल्ले में पेयजल संकट की स्थिति खड़ी हो गई है और मोहल्ले के अधिकांश बीपीएल परिवार पेयजल के लिए तरस रहें है। परेशान ग्रामीण आज उपखंड कार्यालय पहुंचे। ग्रामीणों ने अधिकारी को ज्ञापन सौंप कर अनुच्छेद 21 में वर्णित जीने के अधिकार के तहत शीघ्र पेयजल आपूर्ति सुचारू करवाने की मांग की। ग्रामीणों ने जलदाय विभाग के खिलाफ आरोप लगाते हुए कहा कि बार बार विभाग को इस समस्या से अवगत करवाया गया परंतु विभाग द्वारा कोई सुध नहीं ली जा रही है। उपखंड अधिकारी मुकेश चौधरी ने मामले को प्राथमिकता में रख कर शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।

बाजार में लगने वाले जाम से परेशान है राहगीर और व्यापारी।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। मुख्य बाजार में बेतरतीब गाड़ियां व दुपहिया वाहनों के खड़े कर दिए जाने से लगने वाले जाम से व्यापारी दिन में कई बार आमना सामना कर रहें है। इससे राहगिरों के साथ व्यापारी भी परेशान हो गए है। व्यापारियों ने बताया कि प्रशासन को अनेक बार यातायात सुचारू करने की मांग करते हुए व्यवस्था दुरस्त किए जाने के लिए आग्रह किया गया है। परंतु ठोस कार्रवाई के अभाव में नागरिक इस परेशानी को लगातार झेल रहें है।

चार दिन से गंदे पानी की निकासी नहीं, परेशान है वार्डवासी।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। कस्बे के बिग्गाबास में वार्ड 23 और 24 में चार दिनों से नाला बंद हो रखा है और सड़क पर गंदा पानी जमा हो गया है। यहां नागरिकों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। वार्डवासियों ने पालिका को शिकायत करते हुए समस्या का समाधान की मांग की है।




