May 20, 2026
WhatsApp Image 2023-10-26 at 6.00.36 PM

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 25 अक्टूबर 2023। विधानसभा चुनाव-2023 के मतदान के लिए आज से 29 दिन शेष है। ऐसे में श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स द्वारा प्रतिदिन विशेष कवरेज “सत्ता का संग्राम” टाइम्स के सभी पाठकों के लिए चुनाव की काऊंडाउन के साथ प्रस्तुत की जाएगी। प्रतिदिन शाम को एक अंदरखाने की खबर के साथ क्षेत्र की चुनावी चर्चा पाठकों के समक्ष रखी जाएगी। इसी क्रम में पढ़ें आज की टिप्पणी।

पार्टियों के समझौते की हवा पड़ी मंद, नेताओं में समझौते के कयास, कांग्रेस का श्रीडूंगरगढ़ में प्रत्याशी उतारना तय, आगामी लिस्ट में छिपी है संभावना।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 26 अक्टूबर 2023। “अजीब खबर है साहब सुनोगे क्या, मोहब्बत का हकीम, मोहब्बत से मर गया” ये प्रसिद्ध शेर क्षेत्र में इन दिनों के राजनीतिक हालात पर सटीक बैठ रहा है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का श्रीडूंगरगढ़ के नेताओं से प्रेम किसी से छिपा नहीं है एवं पूर्व विधायक मंगलाराम गोदारा को उनका वरदहस्त सदैव प्राप्त रहा है। लेकिन इस बार इस प्रेम की प्रतियोगिता में श्रीडूंगरगढ़ विधायक गिरधारीलाल महिया ने संकटकाल में गहलोत का साथ देकर बाजी जीत ली थी। इसका प्रमाण यह दिखा कि लंबे समय से अन्य नेताओं को अनदेखा कर सीएम ने महिया को विशेष समय देकर मुलाकात की। क्षेत्र भर में चर्चा है कि सीएम ने महिया को कांग्रेस में आने का न्यौता दिया परंतु महिया ने सीएम को सीट समझौते में देने का प्रस्ताव रखा। वर्तमान स्थिति में दोनों ही स्थितियां यहां संभव होती नजर नहीं आ रही है। पर इतना जरूर कहा जा रहा है कि मोहब्बत के हकीम को मोहब्बत में..

पार्टियों में समझौते के हवा पड़ी मंद..
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। अब दिल्ली एवं जयपुर के गलियारों से आ रही खबरों की बयार में कांग्रेस एवं माकपा का समझौता होने के आसार धूमिल होते नजर आ रहे है। श्रीडूंगरगढ़ में कांग्रेस द्वारा अपना प्रत्याशी उतारना तय ही माना जा रहा है। सुनने में आ रहा है कि हाल ही में हुए नए सर्वे में कांग्रेस व माकपा के समझौते की स्थिति में भाजपा को लाभ होने की रिपोर्ट के कारण भी समझौते पर विचार को त्यागने का इरादा किया जा रहा है।

नेताओं में समझौते के कयास।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। श्रीडूंगरगढ़ विधानसभा सीट पर पार्टियों के बीच समझौते के कयास पहले लग रहे थे लेकिन अब हवा साफ हो रही है कि पार्टियों के बीच तो समझौते नहीं होगें। ऐसे में पार्टियों में समझौते हो या ना हो यहां नेताओं के बीच समझौते होते नजर आ रहे है। यहां एक बड़े कांग्रेसी दावेदार के आरएलपी सुप्रिमो के सम्पर्क में होने की चर्चांए भी जोरों पर है। वहीं भाजपा समर्थित किसान नेता को जेजेपी द्वारा एप्रोच किए जाने की अटकलें भी लगाई जा रही है। इनमें से अगर कांग्रेस के बड़े नेता की टिकिट घोषणा नहीं होने की सूरत में आरएलपी या निर्दलीय रूप में मैदान में उतरने की चर्चांए भी गर्म है।

कांग्रेस का श्रीडूंगरगढ़ में प्रत्याशी उतारना तय, आगामी लिस्ट में छिपी है संभावना।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। श्रीडूंगरगढ़ में अब कांग्रेस अपना प्रत्याशी उतारेगी यह तो लगभग तय ही माना जा रहा है। हां कांग्रेस का प्रत्याशी घोषित करने में किसका प्रभाव रहेगा यह तो टिकट जारी होने के बाद ही सामने आ पाएगा। हालांकि इसके लिए सभी के अपने-अपने दावे सामने आ रहे है। यहां मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की विधायक गिरधारीलाल महिया से नजदीकी को महत्व मिला तो टिकट चौंकाने वाला होगा एवं क्षेत्र के लिए एकदम नया चेहरा ही सामने आएगा। वहीं माना जा रहा है कि प्रदेश कांग्रेस को महत्व दिया गया तो पूर्व विधायक या उनके परिवार में किसी को टिकट मिल सकता है। सुत्रों की सुनें तो चर्चा यह भी है कि प्रदेश कांग्रेस से बड़े नेता एवं युवा नेता के नाम गए है और युवा नेता के पक्ष में दिल्ली से युवा ताकत भी जोर दिखा रही है। ऐसे में श्रीडूंगरगढ़ कांग्रेस के लिए हॉट सीट बन गई है एवं आगामी लिस्ट में यहां का नाम आए या अंतिम लिस्ट में यह संभावनाएं ही क्षेत्र में चुनाव को गति देगी।