






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 17 अप्रैल 2025। बीकानेर के रानी बाजार में स्थित आयकर विभाग के बाहर जिले भर के कांग्रेसी नेताओं ने गुरूवार को जमकर हंगामा किया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनका पुतला फुंका। शहर व देहात कांग्रेस द्वारा संयुक्त तत्वाधान में विभाग कार्यालय के मुख्य द्वार पर हाथों में तख्तियां लेकर कांग्रेसी नेताओं व कार्यकर्ताओं ने गांधी परिवार के साथ खड़े होने की बात कही। श्रीडूंगरगढ़ से पूर्व विधायक मंगलाराम गोदारा, पीसीसी सदस्य हरिराम बाना, रीड़ी सरपंच प्रतिनिधि हेतराम जाखड़, ब्लॉक अध्यक्ष प्रतिनिधि राधेश्याम सिद्ध, सेवादल के विमल भाटी, भगवाननाथ कलवानियां सहित अनेक कांग्रेसी शामिल हुए और अपना विरोध जताया। इन कांग्रेसी नेताओं ने बताया कि प्रवर्तन निदेशालय ईडी द्वारा नेशनल हेराल्ड अखबार और एसोसिएटेड जनरल लिमिटेड से जुड़े मनी लांड्रिंग केस में कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी सहित कई नेताओं के नाम शामिल करने के विरोध में कांग्रेस एकजुट है और देशभर में एकजुट होकर सत्ताधारी तानाशाही के खिलाफ संघर्ष करेगी। प्रदर्शन में देहात अध्यक्ष बिशनाराम सिहाग ने कहा कि राहुल गांधी मोदी सरकार के झूठ के सामने चट्टान की तरह खड़े होकर सच्चाई की, तानाशाही की, आम लोगों की, लोकतंत्र की, बेरोजगार युवाओं की, गरीबों की, छोटे व्यापारियों की, मजदूर की, किसान की लड़ाई लड़ रहे हैं। जो मोदी सरकार को बर्दाश्त नहीं हो रही और इसीलिए राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से मोदी ईडी का उपयोग कर रहे हैं। प्रदर्शन में शहर अध्यक्ष यशपाल गहलोत, पीसीसी प्रभारी व विधायक शिमला नायक, नोखा विधायक सुशीला डूडी, जिला प्रमुख मोडाराम मेघवाल, भूदान बोर्ड के चेयरमैन लक्ष्मण कड़वासरा, पूर्व मंत्री भंवरसिंह भाटी, दर्जा प्राप्त पूर्व मन्त्री मदनगोपाल मेघवाल, लोकसभा प्रत्याशी गोविन्दराम मेघवाल, प्रदेश महासचिव जियाउर्रहमान, गजेन्द्र सिंह सांखला, कन्हैयालाल कल्ला, पूर्व यूआईटी चेयरमैन मकसूद अहमद, यूथ कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष अरुण व्यास, खेल प्रकोष्ठ के प्रदेशाध्यक्ष इकबाल मलवान, सेवादल प्रदेश उपाध्यक्ष कमल कल्ला सहित वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने अपने संबोधन में डर व नफरत की राजनीति करने वाली पार्टी बताते हुए भाजपा के खिलाफ आमजन को जागृत करने का संकल्प लिया। जिला संगठन महासचिव मार्शल प्रहलादसिंह ने बताया कि आज के प्रदर्शन में यूथ कांग्रेस अध्यक्ष भंवरलाल कुकणा, सोहनलाल महिया, तोलाराम सियाग, श्रीकिशन गोदारा सहित अनेक कांग्रेसजन मौजूद रहें।





