May 21, 2026
00

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 17 मई 2021। आज पुलिस का मानवीय चेहरा सामने आया और श्रीडूंगरगढ़ की दो अनाथ युवतियों की देखरेख का जिम्मा चूरू पुलिस ने उठाया है। मामला ये है कि श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र की प्रियंका व गुड्डी चूरू के डीबी अस्पताल के कोरोना आइसोलेशन वार्ड में है। गुड्डी ने जिलाकलेक्टर से मदद की गुहार लगाते हुए मीडिया को बताया कि उसके पिता पहले ही दुनिया छोड़ गए व माता को कोरोना ने छीन लिया है। बड़ी बहन प्रियंका 38 नम्बर बेड पर गंभीर हालत में है। उसे किडनी की प्रॉब्लम है व कोविड संक्रमण के कारण ऑक्सीजन लेवल 58 से भी कम है। उसने कहा घर मे कोई कमाने वाला नहीं और कोई रिश्तेदार पास नहीं है। मैं बहन को संभालू या दवाई, भोजन की व्यवस्था करुं। रविवार को तो डॉक्टर साजिद चौहान ने भोजन व दवाई की व्यवस्था करवाई परन्तु रोजाना कौन करेगा। युवती ने जिलाकलेक्टर से जब तक बहन का इलाज चले तब तक उपचार की व्यवस्था व विश्वनीय अटेंडेंट को मदद के लिए नियुक्त करने का निवेदन किया। आज सुबह अखबार में ये प्रकाशित होने के बाद चूरू एस पी नारायण तोगस ने तुरंत एक्शन लिया। व एक समर्पित महिला कांस्टेबल को अटेंडेंट के रूप में नियुक्त किया। यहीं नहीं उनके मुफ्त इलाज, भोजन के साथ पूरी देखभाल के लिए पुलिस ने गोद ले लिया। श्रीडूंगरगढ़ में लगातार दर्दनाक हादसे सामने आ रहें है और अब भी यहां ऐसे नागरिक है जो कोरोना को मजाक में उड़ा रहें है। श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स सभी से अपील करता है कि ऐसे काल में जब आपके आस पास ही परिवार उजड़ रहें है तो कोरोना को मजाक में नहीं लेवें और अपने घरों में रहते हुए मानवीयता को जीवित रखें।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। चूरू पुलिस बनी सहारा, दोनों युवतियों की देखरेख की जिम्मेदारी ली।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। श्रीडूंगरगढ़ की युवती गुड्डी व प्रियंका चूरू अस्पताल में आइसोलेशन वार्ड में।