






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 5 जुलाई 2024। अपने खिलाफ झूठा मामला दर्ज करने व अपनी परिवाद पर मामला दर्ज नहीं करने का आरोप पुलिस पर लगाते हुए क्षेत्र के गांव नोसरिया -मिंग्सरिया निवासी राजेंद्र मेघवाल ने गत दिनों पानी की टंकी पर चढ़ खूब हंगामा मचाया था। दिन भर चले घटनाक्रम के दौरान वहां पुलिस बाल तैनात भी रहा व अतिरिक्त जिला पुलिस अधीक्षक रेंक तक के अधिकारी भी मौक़े पर पहुंचे थे। इस मामले में मेघवाल के खिलाफ दो अलग अलग मामले भी दर्ज किये गए थे और अब मेघवाल से उस दिन की पुलिस तैनाती का खर्चा भी वसूला जायेगा। इस सबंध में जिला पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम द्वारा श्रीडूंगरगढ़ पुलिस को राजेंद्र मेघवाल से 11 लाख 32119 रूपये वसूलने के निर्देश दिए है। विदित रहे की राजेंद्र की सुरक्षार्थ पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी व इस कारण उन सभी पुलिस कार्मिको का खर्चा उसी से वसूल किया जा रहा है। अपराधियो की सम्पतियों पर बुलडोजर चलाने जैसी कार्रवाइयों के बाद जिले में पहली बार खर्चा वसूली के आदेश जारी हुए है। सीओ निकेत पारीक ने कहा कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सख्त कार्रवाई की जा रही है। थानाधिकारी इंद्रकुमार ने कहा कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालो के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। बता देवें 23 जून 2024 को राजेंद्र नोसरिया कालूबास स्थित एक पानी की टंकी पर चढा था और दिन भर के बाद देर शाम एडिशनल एसपी के आने पर वह नीचे उतरा।




