






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 20 जून 2020। सींथल में एक साथ शुक्रवार को 7 और गुरुवार को 2 कोरोना पॉजिटिव आने के बाद प्रशासन ने संक्रिमत क्षेत्र में कर्फ्यु लगा दिया है। सींथल में अभी 8 संदिग्धों की रिपोर्ट भी शनिवार व रविवार को आनी है। उपखण्ड मजिस्ट्रेट बीकानेर रिया केजरीवाल ने कोरोनावायरस संक्रमण के प्रसार को रोकने के लिए सींथल में संक्रमित व्यक्तियों के निवास स्थान के परिधि क्षेत्र जो भैरूनाथ मंदिर से बजरंग लाल कुम्हार के मकान तक व रतन लाल सोमाणी के मकान तक तथा सड़क आम नापासर-मूण्डसर से हनुमान कुम्हार के मकान क्षेत्र में कर्फ्यु लगाया गया है। केजरीवाल ने बताया कि इस क्षेत्र में रहने वाले नागरिकों के स्वास्थ्य की सुरक्षा और वायरस के संक्रमण की गंभीरता को देखते हुए इस क्षेत्र को जीरो मोबिलिटी क्षेत्र घोषित करते हुए आने-जाने पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगाया गया है। इस क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया है। निषेधाज्ञा के दौरान चिकित्सकीय सेवाएं चालू रहेगी। लेकिन दैनिक आवश्यकताओं से जुड़े समस्त किराना और जनरल स्टोर तथा सब्जी मंडी अगले आदेशों तक पूरी तरह से बंद रखे जाएंगे।
चिकित्सा विभाग की टीम करेगी स्क्रीनिंग
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। सींथल में चिकित्सा विभाग द्वारा टीम नियुक्त की गयी है जिसके द्वारा यह सुनिश्चित किया जाएगा कि बिना स्क्रीनिंग के कोई भी व्यक्ति इस क्षेत्र में प्रवेश नहीं करें और ना ही क्षेत्र से बाहर निकलें। पुलिस भी मुस्तेदी से इन आदेशों की पालना में डटी हुई है। इन आदेशों की पालना नहीं करने वाले संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध भारतीय दण्ड संहिता की धारा 188, 269, 270 एवं राजस्थान महामारी अध्यादेश, 2020 एवं आपदा प्रबन्धन अधिनियम, 2005 के प्रावधानों के तहत कार्यवाही की जाएगी। निषेधाज्ञा अगले आदेश तक प्रभाव में रहेगी।



