May 20, 2026
010101

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 4 अगस्त 2023। जमीनों के आसमान छूते ये भाव और इसके कारण हर दिन लोगों की नियत डोलने के मामले सामने आ रहें है। कहीं कब्जों का विवाद हो रहा है तो कहीं जमीनों के सौदे कर अपनी जुबान से मुकर जाने के मामले सामने आ रहे है। खबर जिले के गंगाशहर थाने से आई है जहां श्रीडूंगरगढ़ कस्बे के एक नागरिक ने अपने पार्टनर के साथ मिल कर भीनासर निवासी एक व्यक्ति से प्लॉट का सौदा किया था। गंगाशहर पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कस्बे के मोमासर बास निवासी ललीत कुमार पुत्र हीरामनाथ ज्याणी ने अपने पार्टनर चितौडगढ़ निवासी किशोरलाल यादव के साथ मिल कर भीनासर निवासी अब्दुल गफ्फार से भीनासर में स्थित 2500 वर्गगज का प्लॉट का सौदा एक करोड़ नौ लाख में तय किया। इस सौदे के पेटे आरोपी को एक लाख रूपए नगदी व 19 लाख रूपए चैक द्वारा 20 अक्टूबर 2022 को दे दिए व शेष राशि 31 अक्टूबर 2022 तक देने व भूखंड का कब्जा देना तय हुआ। उस समय जब दोनों पार्टनर 89 लाख रूपए लेकर आरोपी के पास गए तो उसने कुछ समय बाद कब्जा देने का कहकर टाल दिया। तब से अब तक आरोपी लगातार आगे कहकर टाल रहा था लेकिन अब कब्जा देने से मुकर गया। आरोपी ने सौदे के पेटे उनसे बीस लाख रुपए की धोखाधड़ी कर ली तो दोनो जनों ने पुलिस की शरण ली है। किशोरलाल ने मुकदमा दर्ज करवाया व पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए जांच एएसआई लाभूराम को दे दी है।