






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 9 अक्टूबर 2025। दिल्ली के एक व्यापारी ने पूनरासर में एक प्लॉट खरीदा और जिससे प्लॉट खरीदा उसने दुबारा किसी और को प्लॉट बेच डाला। व्यापारी ने सेरूणा थाने पहुंच कर दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। सेरूणा थाना के हैड कांस्टेबल फतेहसिंह ने बताया कि दिल्ली के आजाद नगर में विक्टोरिया गार्डन निवासी मुरारीलाल पुत्र भागीरथमल अग्रवाल ने उदरासर निवासी डूंगरराम पुत्र सदुराम मेघवाल और प्रेमचंद पुत्र गोपालराम पंचारिया के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज करवाया है। परिवादी ने पुलिस को बताया कि उसने गांव में जनसेवार्थ गोयल सेवा सदन बना रखा है। इसी भवन के पास उसने अरोपियों से एक प्लॉट कुल साढें नौ लाख रूपए में खरीदा। जब वह पुन गांव लौट कर आया तो श्रवणराम हजारीराम ब्राह्मण ने उसे खुद का खरीदा हुआ बताया। दोनों आरोपियों ने उससे 23 जनवरी 2025 से 6 सितंबर 2025 तक पूर्व में बेचे गए भूखंड के सही तथ्यों को छुपाया और उसके साथ धोखाधड़ी करते हुए पहले से बिके हुए भूखंड को उसे बेच कर तहसील कार्यालय श्रीडूंगरगढ़ में विक्रय पत्र पंजीकृत करवा दिया। परिवादी के साथ धोखाधड़ी करते हुए उसे नुकसान पहुंचाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच एएसआई महेंद्र सिंह को दी गई है।



