June 18, 2026
4

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स, 18 जून 2026। आयुक्तालय, कॉलेज शिक्षा राजस्थान, जयपुर द्वारा शैक्षणिक सत्र 2026-27 के स्नातक प्रथम सेमेस्टर प्रवेश कार्यक्रम में संशोधन करते हुए नई समय-सारिणी जारी की गई है। संशोधित कार्यक्रम के अनुसार अभ्यर्थी महाविद्यालय में दस्तावेज सत्यापन एवं ई-मित्र के माध्यम से शुल्क जमा कराने की अंतिम तिथि 19 जून निर्धारित की गई है। प्रवेशित विद्यार्थियों की प्रथम सूची 22 जून को जारी होगी तथा 23 जून को वर्ग निर्धारण एवं विषय आवंटन किया जाएगा। वहीं श्रेणीवार रिक्त स्थानों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 15 जून से प्रारंभ होकर 21 जून तक चलेगी। प्राप्त आवेदनों का सत्यापन 22 जून तक किया जाएगा तथा रिक्त स्थानों की प्रतीक्षा सूची 23 जून को जारी होगी। मूल दस्तावेजों का सत्यापन एवं ई-मित्र के माध्यम से शुल्क जमा कराने की अंतिम तिथि 29 जून निर्धारित की गई है। प्रवेशित विद्यार्थियों की सूची 30 जून को प्रकाशित होगी और 1 जुलाई को वर्ग निर्धारण, विषय आवंटन के साथ ही स्नातक प्रथम सेमेस्टर की नियमित कक्षाएं प्रारंभ हो जाएंगी। गांव मोमासर में ई-मित्र संचालक पवन सैनी एवं श्रीडूंगरगढ़ में ई-मित्र संचालक सहीराम मेघवाल ने बताया कि प्रवेश प्रक्रिया से जुड़े विद्यार्थी अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते अपने दस्तावेजों का सत्यापन करवाकर ई-मित्र पर शुल्क जमा कराएं, ताकि तकनीकी समस्याओं के कारण किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।