






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 4 अक्टूबर 2025। कोई पेट पलाने पहुंचा, तो कोई नंगे पांव दौड़ा आया, कोई पैदल आया तो कोई नाचते गाते पहुंचा, हाथ में निशान लेकर अनेकों दल के दल लोकदेवता वीर बिग्गाजी के धोक लगाने पहुंच रहें है। पदयात्रियों व जातरूओं के जयकारों से मंदिर गूंज उठे है। ये दृश्य क्षेत्र के लोकदेवता वीर बिग्गाजी महाराज की शीश देवली धाम रीड़ी व धड़ देवली धाम बिग्गा में प्रारंभ हुए दो दिवसीय मेले में नजर आ रहें है। बिग्गा में सुबह विशेष पूजा आरती के साथ मेला प्रारंभ हुआ और बड़ी संख्या में जातरू पहुंचने लगे। यहां मेले में अनेक अस्थाई दुकानें भी सजी है जिनमें ग्रामीण जन जीवन से संबंधित सामग्री मिल रही है। बिग्गा मंदिर में आज रात विशाल जागरण का आयोजन होगा जिसमें अर्चना देवी एंड पार्टी बापेऊ द्वारा भजनों की प्रस्तुतियां दी जाएगी। गांव बिग्गा में वीर बिग्गाजी मानव सेवा संस्थान के कार्यकर्ताओं द्वारा मेले की विभिन्न व्यवस्थाएं की जा रही है। वहीं दूसरी ओर गांव रीड़ी के मंदिर में भी सुबह से शाम तक सैंकड़ों श्रद्धालुओं ने धोक लगाई और वीर बिग्गाजी के दर्शन कर अपनी मन्नतें मांगी। यहां मंदिर प्रांगण में आज शाम भव्य जागरण का आयोजन होगा। जागरण में भजन गायक अनिल सैन, दौलत गर्वा, पूजा जांगिड़, तुलसीराम बोड़वा भजनों की प्रस्तुतियां देंगे। वहीं प्रसिद्ध नृत्य कलाकार विक्की चौधरी, मनीषा जाखड़, ममता भारती, खुशी चौधरी शामिल होंगे। झांकी ग्रुप द्वारा वीर बिग्गाजी महाराज की झांकी भी सजाई जाएगी। दोनों ही मंदिरों में हजारों की संख्या में श्रद्धालु जागरण में शामिल होंगे। तहसीलदार श्रीवर्द्धन शर्मा ने भी शनिवार को बिग्गा व रीड़ी के मंदिरों में पहुंचकर अवलोकन किया व मेला आयोजन समिति के कार्यकर्ताओं को व्यवस्था संबंधी दिशा निर्देश भी दिए। श्रीडूंगरगढ़ के आड़सर बास के वीर बिग्गाजी मंदिर से भी विशेष ज्योत आरती के बाद श्रद्धालुओं का पैदल जत्था बिग्गा के लिए रवाना हुआ।












